Monday, September 7, 2026

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए पीवीवीएनएल की बैठक, तीसरा स्वतंत्र फीडर बनेगा



नित्य संदेश ब्यूरो

जेवर। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को गुणवत्तापूर्ण, विश्वसनीय और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लि. (पीवीवीएनएल) के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने रविवार को जेवर एयरपोर्ट पर महत्वपूर्ण बैठक की।


बैठक में एयरपोर्ट की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में 33 केवी से विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से संचालित हो रही है और अभी तक किसी प्रकार का ब्रेकडाउन नहीं हुआ है। प्रबंध निदेशक ने विद्युत तंत्र की नियमित निगरानी, अनुरक्षण और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए। बैठक में ईएसएस के लिए नए (तीसरे) स्वतंत्र फीडर को विकसित करने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि स्वतंत्र फीडर के कार्य के लिए यीडा (YEIDA) से समन्वय स्थापित कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी, ताकि कार्य को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ाया जा सके। इसके अलावा एयरपोर्ट की विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 220 केवी लाइन के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। प्रबंध निदेशक ने संबंधित पारेषण खंड से समन्वय स्थापित कर कार्य को गति प्रदान करने को कहा।


उन्होंने कहा कि जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट की विद्युत आपूर्ति में विश्वसनीयता, निरंतरता और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। बैठक में अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता सहित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रतिनिधि मयंक माहेश्वरी और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment