रवि गौतम
नित्य संदेश, परीक्षितगढ़। पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ वायु के प्रति जन-जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सुभारती यूनिवर्सिटी मेरठ के प्रोफेसर डॉ. मुकेश रुहेला के निर्देशन में किया गया।
कार्यक्रम में सुभारती यूनिवर्सिटी की टीम ने नाटक एवं प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से वायु प्रदूषण के दुष्परिणामों तथा पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता को अत्यंत जीवंत एवं रोचक ढंग से प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि स्वच्छ वायु केवल हमारा अधिकार ही नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। इस अवसर पर डॉ. मुकेश रुहेला ने कहा कि वायु प्रदूषण आज पूरी दुनिया के सामने एक गंभीर चुनौती है। स्वच्छ हवा के लिए सरकारी प्रयासों के साथ साथ प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्तर पर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने, प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों से बचने तथा अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मेजर लवकेश कुमार रुहेला ने कहा कि विद्यालय शिक्षा के द्वारा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि “स्वच्छ पर्यावरण ही स्वस्थ जीवन की पहली शर्त है।” विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना आज की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकताओं में से एक है। उन्होंने सुभारती यूनिवर्सिटी की टीम का विद्यालय में इस सार्थक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावशाली संचालन श्री दुष्यन्त कुमार द्वारा किया गया।
इस अवसर पर सुभारती यूनिवर्सिटी मेरठ से डॉ. मुकेश रुहेला, डॉ. श्वेता भारद्वाज, नेहा एवं प्रतिष्ठा सहित परीक्षितगढ़ इंटर कॉलेज का समस्त स्टॉफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने स्वच्छ वायु, स्वच्छ पर्यावरण एवं प्रदूषण मुक्त भविष्य के निर्माण के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

No comments:
Post a Comment