नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डा0 वी0के0 सिंह की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग में संचालित योजनाओं/कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि शिक्षा में गुणात्मक सुधार शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है एवं समस्त हितबद्ध पक्षों को किसी केन्द्रीय भाव के साथ योजनाओं का कियान्वयन किया जाना है।
ऑपरेशन कायाकल्प में जो अवस्थापना सुविधा विद्यालयो में स्थापित नही है। उनके लिये खण्ड शिक्षा अधिकारी एवं खण्ड विकास अधिकारी संयुक्त रूप से उत्तरदायी होगें। जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया कि समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी 02 दिवस में विद्यालयवार आवश्यकताओं का विवरण खण्ड विकास अधिकारी को उपलब्ध करा दें। समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह क्षेत्र भ्रमण के समय विद्यालय में पठन-पाठन का वातावरण सृजित करने में अपना योगदान प्रदान करें। प्रत्येक अधिकारी कक्षा में उपस्थित बच्चों को शिक्षण कार्य कराये एवं प्रोत्साहन स्वरूप स्वैच्छिक रूप से पारितोषिक प्रदान करने पर भी विचार करें।
विद्यालय में शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए औचक निरीक्षण करने पर बल प्रदान किया गया। कोई भी विद्यालय निर्धारित समय अवधि से पूर्व बंद न हो इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सघन निरीक्षण अभियान संचालित करने का निर्देश प्रदान किये गए। समस्त खंड शिक्षा अधिकारी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शासन द्वारा निर्धारित समयावधि तक विद्यालय खुलना सुनिश्चित करेंगे। यदि कोई भी शिक्षक विद्यालय समयावधि में अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित पाया जाता है तो उसके लिए नियम संगत अनुशासनिक कार्यवाही प्रचलित करते हुए आगामी समीक्षा बैठक में अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश प्रदान किए गए।
जिलाधिकारी द्वारा वर्ष 2025-26 में चयनित मॉडल विद्यालयों में शेष कार्यों जैसे-डिजिटल मुख्य गेट, टाइलीकरण, स्मार्ट क्लास, झूले, रसोईघर, लाईब्रेरी आदि कार्यों को पूर्ण करने के लिये खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया। निर्देशित किया गया कि जनपद के मॉडल विद्यालयों में पेन्टिग, डिजिटल बोर्ड, टाइलीकरण, टाईल्स आदि कार्य पूर्ण कराते हुये मॉडल विद्यालय के रूप में पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। साथ ही खण्ड विकास अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी को समन्वय स्थापित करते हुये कार्य को गम्भीरता से करने के निर्देश दिये गये।
जिलाधिकारी द्वारा आदर्श विद्यालय निर्माण हेतु 15 अक्टूबर 2026 तक विद्यालयों को विकसित करने पर बल दिया। खण्ड शिक्षा अधिकारी एवं खण्ड विकास अधिकारी द्वारा प्रस्तावित विद्यालयों की कार्ययोजना पर विस्तृत विचार विनिमय किया गया। इसके लिये विभागीय अनुदान के अतिरिक्त अन्य विभागों में जो संसाधन उपलब्ध है उनको संयोजित कर विद्यालय विकास करने का रोडमैप जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित अधिकारियों को प्रस्तुत किया।
विद्यालयों में प्रार्थना सभा के समय छात्रों को सामान्य ज्ञान का अभ्यास कराया जाये; जिससे कि छात्रों का मानसिक विकास होने के साथ-साथ आगामी जीवन के लिये लाभप्रद्ध हो सके। आदर्श विद्यालय निर्माण हेतु स्थानीय संसाधनों का समुचित उपयोग एवं विभागीय अधिकारियों के योगदान से समस्त आयामों में क्रान्तिकारी परिवर्तन संभव है। जिलाधिकारी द्वारा पाक्षिक समीक्षा बैठक आयोजित कराने हेतु निर्देश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को प्रदान किये गये।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पीडीडीआरडीए, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, उप जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला सूचना अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, समस्त खण्ड विकास अधिकारी एवं समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment