नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विभाग के पीएच.डी. शोधार्थियों, परास्नातक एवं स्नातक स्तर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की और विभाग में अपने शैक्षणिक अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के साथ केक काटकर खुशियां साझा कीं। इस दौरान विभाग में उत्सव एवं आत्मीयता का माहौल रहा।
विद्यार्थियों ने कहा कि विभाग के शिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन, प्रोत्साहन एवं सहयोग से उन्हें अपने विचार स्वतंत्र रूप से व्यक्त करने, लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें प्राप्त करने की प्रेरणा मिली है। शोधार्थियों ने कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उन्हें आत्मविश्वासी, जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने में मदद की है। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रो. आर. के. शर्मा ने सभी विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिक्षक का योगदान केवल विषय का ज्ञान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि वह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्रो. संजीव कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता ही शिक्षक की सबसे बड़ी उपलब्धि है। विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। डॉ. रूपेश त्यागी ने कहा कि जीवन में सफलता के लिए निरंतर सीखने की प्रवृत्ति और आत्मविश्वास जरूरी है। तीनों शिक्षकों ने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि भविष्य में शैक्षणिक, शोध अथवा करियर संबंधी किसी भी मार्गदर्शन के लिए विभाग सदैव तत्पर रहेगा। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

No comments:
Post a Comment