Breaking

Your Ads Here

Sunday, September 13, 2026

केसर-चंदन से महका मनमोहन पार्श्वनाथ मंदिर, स्वर्ण-डायमंड की आभा से सजी प्रभु की दिव्य आंगी

देर रात तक जारी रहा दर्शनों का क्रम, 10 से 15 हजार श्रद्धालु पहुंचे; रेसकोर्स रोड से रानी सती गेट तक लगी कतारें

पंचकल्याणक की मनोहारी झांकियों को निहारते रहे श्वेतांबर जैन समाजजन


नवीन मौर्य 

नित्य संदेश, इंदौर। पर्युषण महापर्व के अवसर पर शनिवार को रेसकोर्स रोड स्थित श्री मनमोहन पार्श्वनाथ श्वेतांबर जैन मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। प्रभु पार्श्वनाथ की स्वर्ण-डायमंड से सुसज्जित विशेष आंगी, भव्य पुष्पसज्जा और मंदिर की कलात्मक नक्काशी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। सुबह से शुरू हुआ प्रभु दर्शनों का क्रम देर रात तक जारी रहा। दिनभर में करीब 10 से 15 हजार श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।


श्रद्धालुओं की भीड़ का आलम यह रहा कि रेसकोर्स रोड से रानी सती गेट तक दर्शनार्थियों की लंबी कतारें लगी रहीं। कई श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए करीब आधे घंटे तक प्रतीक्षा करनी पड़ी। मंदिर परिसर में प्रवेश करते ही केसर-चंदन की सुगंध और चंपा, चमेली, गुलाब, गेंदा व रजनीगंधा के हजारों फूलों से की गई सजावट श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करती रही।


स्वर्ण-डायमंड की आभा से सजी प्रभु की आंगी

पर्युषण महापर्व के अवसर पर प्रभु पार्श्वनाथ का विशेष श्रृंगार किया गया। सोने और डायमंड की आभा से सुसज्जित मनोहारी आंगी में प्रभु के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। मंदिर की मूल कलात्मक नक्काशी को उभारते हुए पुष्पों, रोशनी और सजावटी तत्वों का सुंदर संयोजन किया गया था। विशेष श्रृंगार और सजावट के लिए कोलकाता, मुंबई और अहमदाबाद से आए कुशल कलाकारों ने कई दिनों तक मेहनत की।


पंचकल्याणक की झांकियों को निहारते रहे समाजजन

मंदिर परिसर के अलग-अलग हिस्सों में भगवान के च्यवन, जन्म, दीक्षा, केवलज्ञान और निर्वाण कल्याणक को मनोहारी झांकियों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। पंचकल्याणक की इन झांकियों में भगवान की आध्यात्मिक यात्रा को जीवंत स्वरूप दिया गया, जिसे श्वेतांबर जैन समाजजन देर तक निहारते रहे। बच्चों और युवाओं ने भी झांकियों में विशेष रुचि दिखाई।

मालवांचल सहित प्रदेशभर से पहुंचे श्रद्धालु

इंदौर के अलावा धार, खंडवा, खरगोन, राजगढ़, झाबुआ सहित मालवांचल और मध्यप्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्वेतांबर जैन समाजजन प्रभु दर्शन के लिए पहुंचे। सुबह से देर रात तक मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र श्रद्धालुओं से भरा रहा।


मंदिर एवं ट्रस्ट अध्यक्ष जयसिंह जैन और सचिव शैलेश अंबोर ने बताया कि पर्युषण महापर्व के दौरान केसर प्रभावना, विशेष पूजन-अर्चन, धर्म आराधना, प्रभु भक्ति और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम लगातार जारी है। प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट सहित अनेक गणमान्यजन भी मंदिर पहुंचकर प्रभु के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त कर चुके हैं।


पर्युषण पर्व के दौरान प्रतिदिन शाम को भक्ति संध्या एवं दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।रविवार शाम हुए विशेष दीपोत्सव में हजारों दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर जगमगा उठा। भक्ति, पुष्पों की सुगंध और दीपों की रोशनी के बीच देर रात तक श्रद्धालुओं के आने-जाने का क्रम बना रहा।

आयोजन की व्यवस्थाओं में धनराज संघवी, अशोक कपाड़िया, राजेंद्र सुराणा, आनंदीलाल अंबोर, सौरभ नाना सेठ, स्नेहल शाह, सागरमल नागोरी एवं शरद कोठारी सहित समाज के अनेक सदस्य सक्रिय सहयोग कर रहे हैं।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here