लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को वेतन वृद्धि के साथ ही दी बीमा और मातृत्व अवकाश जैसी सुविधाएं
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए बुधवार को एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज का सभागार खुशी और उम्मीद का केंद्र बन गया। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से आउटसोर्स कर्मियों के हित में योजनाओं की घोषणा और यूपी कॉस पोर्टल व वेबसाइट की शुरुआत का, मेडिकल कालेज के सभागार में सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में मौजूद कर्मचारियों ने कहा कि वेतन, बीमा, ईपीएफ-ईएसआईसी और अन्य सुविधाओं को लेकर अब व्यवस्था पहले से अधिक पारदर्शी होगी। इससे नौकरी के साथ परिवार की आर्थिक सुरक्षा को लेकर भी भरोसा बढ़ेगा।
लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज के सभागार में हुए कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद अरुण गोविल, राज्यसभा सदस्य डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, सिवालखास विधायक गुलाम मोहम्मद और विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र भारद्वाज ने किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के संबोधन और नई व्यवस्थाओं की जानकारी कर्मचारियों ने ध्यानपूर्वक सुनी। इस दौरान सांसद अरुण गोविल ने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारी स्वास्थ्य सहित कई विभागों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनके हितों को सुरक्षित करने के लिए पारदर्शी व्यवस्था जरूरी थी। यूपी कॉस पोर्टल इस दिशा में प्रभावी कदम है। राज्यसभा सदस्य डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि वेतन सीधे खाते में पहुंचने के साथ ईपीएफ-ईएसआईसी और बीमा जैसी सुविधाओं से कर्मचारियों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी। इससे व्यवस्था में पारदर्शिता के साथ उनका भरोसा भी मजबूत होगा।
कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने कहा कि कर्मचारियों की मेहनत से स्वास्थ्य और अन्य विभागों की सेवाएं सुचारू रहती हैं। सरकार ने उनके रोजगार के साथ भविष्य की सुरक्षा पर भी ध्यान दिया है। इस दौरान महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने कहा कि आउटसोर्सिंग कर्मचारी किसी भी संस्था के सबसे मजबूत स्तंभ होते हैं, जिन्हें पिछली सरकारों ने उपेक्षित समझा था। योगी सरकार ने इन कर्मचारियों को वास्तविक सम्मान दिया है। विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र भारद्वाज ने यूपी कॉस को डिजिटल और पारदर्शी व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। सिवालखास विधायक गुलाम मोहम्मद ने कहा कि बीमा और स्वास्थ्य सुरक्षा से कर्मचारियों के परिवारों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, प्रधानाचार्य एलएलआरएम डा0 आर0सी0 गुप्ता, पीडीडीआरडीए सुनील कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारी, आउटसोर्स कार्मिक आदि उपस्थित रहे।
कर्मचारियों में बीमा और डिजिटल व्यवस्था लागू होने से उत्साह
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कर्मचारियों के बीच सबसे अधिक चर्चा सीधे बैंक खाते में वेतन, बीमा और डिजिटल व्यवस्था को लेकर रही।
मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग स्टाफ के रूप में कार्यरत राजन सैनी ने कहा कि पहले आउटसोर्स कर्मचारियों को बहुत कम मानदेय में काम करना पड़ता था और बीमा जैसी सुविधा भी नहीं थी। योगी सरकार ने कर्मचारियों की स्थिति में बड़ा बदलाव किया है। अब वेतन के साथ सुरक्षा की व्यवस्था होने से आर्थिक स्थिति बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की यह पहल कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत है।
सरदार वल्लभ भाई पटेल अस्पताल में कार्यरत रोहित गुप्ता ने कहा कि यूपी कॉस पोर्टल और वेबसाइट शुरू होने से व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी। वेतन सीधे बैंक खाते में आने और बीमा की सुविधा मिलने से कर्मचारियों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की यह पहल कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए सुरक्षा का भरोसा लेकर आई है।
एलएलआरएम में नर्सिंग स्टाफ अर्जुन यादव ने कहा कि यूपी कॉस का गठन आउटसोर्स कर्मियों के लिए महत्वपूर्ण बदलाव है। वेतन, छुट्टी, फंड और सेवा से जुड़े मामलों की जानकारी एक ही व्यवस्था में होने से पारदर्शिता बढ़ेगी। इससे कर्मचारियों को अपनी सेवाओं और सुविधाओं को लेकर स्पष्टता रहेगी।
हर्षिता चौधरी ने कहा कि डिजिटल व्यवस्था से कर्मचारियों को अपने काम और सुविधाओं के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। विवाहित कर्मचारियों को वेतन समय से मिलने और बीमा की सुविधा से बच्चों की फीस तथा परिवार के इलाज जैसी जरूरतों को पूरा करने में सहूलियत होगी।
No comments:
Post a Comment