Breaking

Your Ads Here

Wednesday, September 2, 2026

चरक स्कूल ऑफ फार्मेसी में एक्यूम्स ग्रुप के अधिकारियों ने विद्यार्थियों से किया संवाद, उद्योग-अकादमिक सहयोग पर हुई चर्चा


नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के चरक स्कूल ऑफ फार्मेसी में एक्यूम्स ग्रुप (AKUMS Group) के अमित श्रीवास्तव (HR - Manager) एवं मयंक ने भ्रमण किया और फार्मेसी विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। वर्ष 2023 में स्थापित फार्मेसी विभाग ने अपनी स्थापना के बाद से शैक्षणिक, प्रायोगिक एवं अनुसंधान के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।

नई शिक्षा नीति के अनुरूप विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ उद्योग की आवश्यकताओं से परिचित कराने तथा उनके रोजगारपरक कौशल को विकसित करने के लिए इंडस्ट्री -अकादमिक सहभागिता को सुदृढ़ करने के प्रयास निरंतर किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में एक्यूम्स ग्रुप के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को फार्मास्युटिकल उद्योग में उपलब्ध विभिन्न करियर अवसरों की जानकारी दी।

अमित श्रीवास्तव ने एक्यूम्स ग्रुप के विभिन्न प्लांट्स में उपलब्ध रोजगार एवं करियर संभावनाओं के बारे में बताते हुए कहा कि उद्योग में सफलता के लिए विषयगत ज्ञान के साथ-साथ तकनीकी दक्षता, प्रयोगात्मक अनुभव, समस्या-समाधान क्षमता, संचार कौशल एवं टीमवर्क जैसे कौशल अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को इंटरव्यू की तैयारी, आवश्यक तकनीकी ज्ञान तथा व्यावहारिक एवं प्रयोगात्मक अनुभव के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका प्रतिनिधियों ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया। साथ ही विद्यार्थियों के औद्योगिक प्रशिक्षण, internship तथा भविष्य में एकेडमिक-इंडस्ट्री सहयोग को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। बहुविषयक अनुसंधान के विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त शोध एवं सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।

कार्यक्रम की समन्वयक डॉ. वैषाली पाटिल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास के प्रति उनके उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि उद्योग विशेषज्ञों के साथ इस प्रकार का प्रत्यक्ष संवाद विद्यार्थियों को उद्योग की वास्तविक आवश्यकताओं को समझने तथा अपने कौशल को बेहतर बनाने का अवसर प्रदान करता है। कार्यक्रम के अंत में सुश्री मेघा गुप्ता ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here