Breaking

Your Ads Here

Wednesday, September 30, 2026

एनसीआरटीसी ने भैंसाली स्टेशन पर कमर्शियल स्पेस लीज़ पर देने के लिए आमंत्रित की निविदा

 


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। नमो भारत कॉरिडोर पर यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने तथा इसकी कमर्शियल संभावनाओं को विस्तार देने की दिशा में एक और कदम उठाते हुए, एनसीआरटीसी ने मेरठ के भैंसाली स्टेशन पर कमर्शियल स्पेस लीज़ पर देने के लिए लाइसेंसी के चुनाव के लिए निविदा आमंत्रित की हैं।


भैंसाली स्टेशन मेरठ के सबसे प्रमुख व्यावसायिक इलाकों में से एक है। यह मेरठ मेट्रो स्टेशन, घनी आबादी वाले रिहायशी इलाकों के साथ-साथ अत्यधिक भीड़-भाड़ वाले मार्केट एरिया को स्थानीय मेट्रो सेवाएं प्रदान करता है। अबू लेन, लाल कुर्ती बाज़ार और सदर बाज़ार जैसे मुख्य कमर्शियल इलाकों के पास होने के कारण, एक रिटेल हब के रूप में इसकी बेहतरीन व्यापार संभावनाएँ हैं।  इस निविदा के अंतर्गत, स्टेशन के कॉनकोर्स लेवल पर 400 वर्ग मीटर से अधिक की प्राइम  कमर्शियल स्पेस लीज़ पर देने के लिए पेश की गई है। यह कमर्शियल स्पेस हाई फुटफॉल एरिया में स्थित है, जो संभावित भागीदार को यात्रियों और आने-जाने वालों तक सीधी पहुंच सुनिश्चित करता है जो इस स्टेशन को को-वर्किंग स्पेस, कोचिंग, ऑफिस, रिटेल और फूड एंड बेवरेज आदि गतिविधियों के लिए एक आकर्षक जगह बनाता है। 


भैंसाली स्टेशन को बेहतरीन कनेक्टिविटी और आसान पहुंच का भी लाभ मिलता है। दिल्ली रोड पर स्थित यह भूमिगत स्टेशन मेरठ के मुख्य इलाके, बेगमपुल से लगभग एक किलोमीटर दूर है। यह दिल्ली-मेरठ हाईवे और मेरठ एक्सप्रेसवे से अच्छी तरह जुड़ा है, जिससे दिल्ली और इस इलाके के दूसरे क्षेत्रों तक आसानी से पहुंचा जा सकता है। भारतीय रेलवे का मेरठ सिटी स्टेशन भी नजदीक है। वर्तमान में, स्टेशन के ठीक बाहर एक बस स्टैंड है, जहां से दिल्ली, मुज़फ्फरनगर, शामली, रुड़की और हरिद्वार के लिए बस सेवाएं उपलब्ध हैं। स्टेशन की अनुकूल लोकेशन और मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी इसे रिटेलर्स, फूड एंड बिवरेज तथा दूसरे व्यवसायों के लिए एक बेहतरीन कमर्शियल डेस्टिनेशन बनाती है। इस व्यावसायिक स्थान का प्रयोग कई तरह की रिटेल, कोचिंग, ऑफिस और यात्री सुविधाओं के लिए किया जा सकता है, जैसे कि खाने-पीने के आउटलेट, कन्विनिएंस स्टोर, सर्विस सेंटर आदि। स्टेशन परिसर के भीतर ही ऐसी सुविधाएं उपलब्ध होने से यात्रियों का समय बचेगा और उनकी यात्रा अधिक सुरक्षित, आरामदायक और सुविधाजनक बनेगी। इसके साथ ही, स्टेशन के आसपास के रिहायशी इलाकों और यहां आने वाले आगंतुकों को भी रोजमर्रा की जरूरी सेवाएं और रिटेल सुविधाएं आसानी से उपलब्ध होंगी। 


एनसीआरटीसी का उद्देश्य ऐसी पहलों के ज़रिए, स्टेशन परिसरों को जीवंत और यात्री- अनुकूल स्थानों के रूप में विकसित करना है। साथ ही स्थानीय उद्यमों, रिटेलर्स और सेवा प्रदाताओं की भागीदारी को बढ़ावा देना है। यह पहल न केवल आम लोगों की सुविधा को बढ़ाएगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी और गैर-किराया स्रोतों के जरिए आय में भी वृद्धि भी करेगी। नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों की बढ़ती संख्या इसके स्टेशनों की तेज़ी से बढ़ती कमर्शियल क्षमता को भी प्रदर्शित करती है। इस कॉरिडोर ने अब तक 4.5 करोड़ से अधिक कम्यूटर ट्रिप्स का माइलस्टोन पार कर लिया है और वर्तमान में लगभग 1.1 लाख यात्री दैनिक रूप से इसमें यात्रा कर रहे हैं। हाल ही में, लगभग 1.68 लाख से अधिक यात्रियों के साथ कॉरिडोर पर एक दिन में सर्वाधिक यात्री संख्या दर्ज की गई है, जो एक परिवहन साधन के रूप में नमो भारत पर जनता के बढ़ते विश्वास एवं पसंद तथा इसके स्टेशनों की अत्यधिक फुटफॉल क्षमता को दर्शाता है।


भैंसाली स्टेशन पर कमर्शियल जगह को लीज़ पर लेने के इच्छुक बिडर्स ई-टेंडरिंग प्रक्रिया के माध्यम से इसमें भाग ले सकते हैं। टेंडर, पात्रता मानदंड और नियम व शर्तों से जुड़ी विस्तृत जानकारी एनसीआरटीसी की वेबसाइट (ncrtc.in) और सेंट्रल पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइजेज के सीपीपी पोर्टल (etenders.gov.in) पर उपलब्ध है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here