-मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ से 'मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना' एवं भारत
टैक्सी का प्रदेशव्यापी शुभारंभ करने के उपलक्ष्य में सीसीएसयू के अटल सभागार में
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के शुभारंभ कार्यक्रम के सजीव प्रसारण का आयोजन
किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जल शक्ति विभाग के राज्य मंत्री दिनेश खटीक रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सहकारी बैंक लिमिटेड मेरठ के अध्यक्ष विमल कुमार
शर्मा द्वारा की गई।
कार्यक्रम में किसानों को मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के संबंध में
विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। योजना के अंतर्गत पात्र लघु एवं सीमांत कृषकों
तथा पूर्व से ऋणी सदस्यों, जिनकी ऋण अदायगी नियमित है, को उत्तर प्रदेश सहकारी
ग्राम विकास बैंक के माध्यम से 6 लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण 6 प्रतिशत वार्षिक
ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। योजना का उद्देश्य कृषकों को कृषि एवं कृषि
आधारित गतिविधियों के लिए आवश्यक दीर्घकालीन वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराना है,
जिससे कृषि क्षेत्र में निवेश, उत्पादकता तथा कृषक आय से संबंधित गतिविधियों को
बढ़ावा मिल सके। कृषकों को सलाह दी गई कि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए वे
अपने निकटतम संबंधित सहकारी बैंक अथवा उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक की
शाखा से संपर्क कर पात्रता, ऋण सीमा, आवश्यक अभिलेख एवं आवेदन प्रक्रिया की
जानकारी प्राप्त करते हुए नियमानुसार आवेदन करें। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष हरवीर
सिंह पाल, जिलाधिकारी डॉ. वी. के. सिंह, मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, संयुक्त
आयुक्त एवं संयुक्त निबंधक, सहकारिता विकास कुमार नेहरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि,
अधिकारी एवं कृषक उपस्थित रहे।
औषधिय पौधों का वितरण कराया
कार्यक्रम के दौरान सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता अमित कुमार
त्यागी द्वारा उपस्थित कृषकों को सहकारिता विभाग एवं सहकारी संस्थाओं के माध्यम से
संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम
में राजीव कुमार सिंह जिला कृषि अधिकारी द्वारा सेवा संकल्प अभियान में नशामुक्ति
की शपथ दिलाई गयी तथा आयुर्वेद की महत्ता से अवगत कराते हुए कृषकों को औषधिय पौधों
का वितरण कराया गया।
फोटो संख्या-001
.jpeg)
No comments:
Post a Comment