नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत स्वास्थ्य, योग, स्वच्छता, महिला स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक सेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला जी की अध्यक्षता में आयोजित इन कार्यक्रमों में विश्वविद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों तथा विभिन्न वर्गों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अभियान के माध्यम से सेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करने तथा विश्वविद्यालय समुदाय को समाजहित में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
विशेष योग सत्र एवं स्वच्छता अभियान
कार्यक्रम की शुरुआत नित्य योगशाला द्वारा आयोजित विशेष योग सत्र से हुई। योग सत्र में सैकड़ों प्रतिभागियों ने सहभागिता की तथा योग को दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर माननीय कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला जी ने योग एवं पंचकर्म को समग्र स्वास्थ्य दृष्टिकोण का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। इसके पश्चात विश्वविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए स्वच्छ, स्वस्थ एवं पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार परिसर के निर्माण की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
सर्वाइकल कैंसर जागरूकता एवं निःशुल्क HPV टीकाकरण शिविर
महिला अध्ययन केंद्र द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कार्यालय के सहयोग से सर्वाइकल कैंसर जागरूकता एवं निःशुल्क HPV टीकाकरण शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन माननीय कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला जी, कुलसचिव श्री अजय कृष्ण यादव, प्रो. मृदुल कुमार गुप्ता एवं प्रो. बीर पाल सिंह द्वारा किया गया। शिविर में विश्वविद्यालय परिसर, विद्यालयों तथा विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए गांवों से आई 146 बालिकाओं को लाभ मिला। इस अवसर पर डॉ. प्रवीण गौतम (DIO) एवं डॉ. शाश्वत सिंह ने HPV टीकाकरण के महत्व, इसके लाभ तथा सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में इसकी भूमिका के संबंध में प्रतिभागियों को जानकारी दी।
महिला अध्ययन केंद्र की समन्वयक प्रो. बिंदु शर्मा ने केंद्र द्वारा महिला स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी साझा की। कुलपति ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। कुलसचिव श्री अजय कृष्ण यादव ने महिला स्वास्थ्य एवं जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर आगे बढ़ाने पर बल दिया।
निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर एवं टीबी रोगियों को पोषण पोटली वितरण
इसी क्रम में मैक्स अस्पताल के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 150 से अधिक प्रतिभागियों को चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य जांच की सुविधा प्रदान की गई। इसके साथ ही 100 टीबी रोगियों को पोषण पोटली वितरित की गई। यह पहल समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के प्रति सेवा, संवेदनशीलता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रतिबिंबित करती है। इस अवसर पर प्रो. दिनेश शर्मा, प्रो. अनुज कुमार, प्रो. नीलू जैन गुप्ता, प्रो. के.के. शर्मा, प्रो. आर.के. शर्मा, प्रो. संजय, डॉ. योगेन्द्र गौतम एवं डॉ. अंशु अग्रवाल सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला कारागार में महिला बंदियों के लिए सेवा एवं कैंसर जागरूकता कार्यक्रम
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला कारागार में डिप्टी जेलर सुश्री गीतिका जी के सहयोग से महिला बंदियों को फल वितरित किए गए। इसके साथ ही कैंसर जागरूकता सेमिनार का आयोजन कर महिला बंदियों को कैंसर से बचाव, प्रारंभिक जांच एवं स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के संबंध में जानकारी दी गई।
इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों, विशेष रूप से जरूरतमंद एवं वंचित समूहों तक स्वास्थ्य जागरूकता और सेवा की भावना पहुंचाने का प्रयास किया गया। पूरे सेवा संकल्प अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों का समन्वय डॉ. वैशाली पाटिल, डॉ. पी.के. बंसल, योगाचार्य अमरपाल, डॉ. अरुण कुमार, श्री चंद्रकिरण, डॉ. मनीषा त्यागी, रीता रानी, राकेश एवं वीरेंद्र द्वारा किया गया। विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, महिला स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को एक साथ जोड़ते हुए समाजहित में सक्रिय सहभागिता का संदेश दिया गया।

No comments:
Post a Comment