नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ के समाजशास्त्र विभाग में 'नशा-मुक्त युवा, सशक्त भारत' विषय पर एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ समाजशास्त्र सह-विभागाध्यक्ष प्रो. आलोक कुमार ने किया। उन्होंने मुख्य वक्ता गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. तुंगवीर आर्य का स्वागत करते हुए कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति हैं और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से बचाने के लिए शिक्षा, जागरूकता और नैतिक मूल्यों को मजबूत करना आवश्यक है। कार्यशाला में विशेषज्ञ वक्ता डॉ. तुंगवीर आर्य ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से जागरूक किया। उन्होंने बताया कि नशे की शुरुआत कई बार सामान्य जिज्ञासा या सामाजिक दबाव से होती है, लेकिन यह धीरे-धीरे व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, शिक्षा और रोजगार को प्रभावित करती है। उन्होंने अपने व्याख्यान को नैतिक शिक्षा और जीवन-मूल्यों से जोड़ते हुए आत्मसंयम, सकारात्मक सोच, जिम्मेदारी और विवेकपूर्ण निर्णय लेने की क्षमता पर जोर दिया।
कार्यक्रम पूर्णतः संवादात्मक रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे। डॉ. आर्य ने स्वस्थ जीवनशैली, आत्मअनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर डॉ. नेहा गर्ग, डॉ. डी.एन. भट्ट, डॉ. अरविंद सिरोही एवं डॉ. अजित सिंह सहित विभाग के समस्त विद्यार्थी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment