Thursday, September 17, 2026

पढ़ाई के साथ शोध और खेल में भी आगे बढ़ें विद्यार्थी- प्रो. दिनेश चंद शर्मा

 


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। विश्वविद्यालय में प्रवेश के साथ ही विद्यार्थियों के सामने पढ़ाई के साथ अपने व्यक्तित्व और प्रतिभा को निखारने के कई अवसर होते हैं। इसी उद्देश्य से चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के जूलॉजी विभाग में नवप्रवेशित बीएससी एवं एमएससी विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विभाग की शैक्षणिक गतिविधियों के साथ प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, शोध एवं खेल सुविधाओं से परिचित कराया गया।


जूलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद शर्मा ने विद्यार्थियों को विभाग की शैक्षणिक गतिविधियों, प्रयोगशाला सुविधाओं तथा अध्ययन और शोध के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से विभाग की अकादमिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करते हुए उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. जमाल सिद्दीकी ने विश्वविद्यालय पुस्तकालय की सुविधाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को पुस्तकों के साथ ई-संसाधनों और डिजिटल सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन के साथ पुस्तकालय की सुविधाओं का उपयोग विद्यार्थियों की ज्ञान-यात्रा को और समृद्ध कर सकता है।


खेल विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. जी.एस. रुहेल ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की खेल सुविधाओं और विभिन्न खेल गतिविधियों में सहभागिता के अवसरों से अवगत कराया। उन्होंने पढ़ाई के साथ खेलों में भाग लेने को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम के दौरान जूलॉजी विभाग की प्रो. बिंदु शर्मा, प्रो. नीलू जैन गुप्ता, डॉ. डी.के. चौहान एवं डॉ. अंशु चौधरी सहित विभाग के शिक्षकगण और बीएससी एवं एमएससी के विद्यार्थी उपस्थित रहे।


ओरिएंटेशन कार्यक्रम के माध्यम से नवप्रवेशित विद्यार्थियों को यह समझने का अवसर मिला कि विश्वविद्यालय में उनकी सीखने की यात्रा केवल कक्षा और पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं है। पुस्तकालय, प्रयोगशाला, शोध, खेल और विभिन्न अकादमिक गतिविधियों में सहभागिता के माध्यम से वे अपनी रुचि और प्रतिभा को नए आयाम दे सकते हैं।

No comments:

Post a Comment