Tuesday, September 29, 2026

छेड़छाड़ का केस दर्ज कराया तो आरोपी ने किया हमला

 

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। थाना मेडिकल में दर्ज मुकदमा संख्या 455/25 धारा 64, 75, 333, 115(2), 352, 351(2) बीएनएस के वादी राजीव कुमार वर्मा पुत्र अशोक कुमार निवासी 104/1 अशोक नगर, यूनिवर्सिटी रोड, जेलचुंगी ने सिविल लाइन थानाध्यक्ष को तहरीर देकर अमन कुच्छल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सुरक्षा की मांग की है।


तहरीर में राजीव कुमार ने बताया कि वह 25 सितंबर को मुकदमे की पैरवी व कागजात निकलवाने के लिए गौरव त्यागी के साथ जिला कृषि अधिकारी के कार्यालय गया था। आरोप है कि वहां अमन कुच्छल दो-तीन अज्ञात व्यक्तियों के साथ आया और गाली-गलौज करने लगा। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने उसके अधिवक्ता के खिलाफ भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया और दोबारा कार्यालय आने पर बुरी तरह पीटने व मुकदमे की पैरवी न करने की धमकी दी। प्रार्थी ने कहा है कि यदि भविष्य में उसके साथ कोई अप्रिय घटना घटित होती है तो उसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी अमन कुच्छल की होगी। पुलिस से आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई कर सुरक्षा प्रदान करने की मांग की गई है।


राजीव कुमार ने बताया कि अमन कुच्छल के खिलाफ उसकी ओर से छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया गया है, जिससे अमन रंजिश रखता है, इसी रंजिश में उस पर हमला किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment