Monday, September 7, 2026

मेरठ की मनीषा पंकज मुंबई में सम्मानित



मयंक अग्रवाल

नित्य संदेश, मुंबई। टीचर्स डे के उपलक्ष्य में लायंस क्लब ओशिवारा द्वारा एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्लब द्वारा लायंस टीचर्स डे गौरव पुरस्कार से आई.एम.ए. स्कूल रक्षापुरम मेरठ की डायरेक्टर मनीषा पंकज को शिक्षा के क्षेत्र में उनके अपूर्व एवं सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।


यह गरिमामय कार्यक्रम मुंबई पब्लिक स्कूल के सभागार में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में लायंस क्लब के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन नटवर बंका, फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन विकास सर्राफ, सेकंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन सुनील लावती एवं पीएमजेएफ लायन सुनील शाह ने संयुक्त रूप से मनीषा पंकज को शॉल, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।


इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि मनीषा पंकज ने शिक्षा को केवल व्यवसाय नहीं बल्कि संस्कार और सेवा का माध्यम बनाया है। उनके नेतृत्व में आई.एम.ए. स्कूल ने शैक्षणिक गुणवत्ता के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में नई मिसाल कायम की है। सम्मान प्राप्त करने के बाद मनीषा पंकज ने लायंस क्लब ओशिवारा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए और अधिक निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा बनेगा। कार्यक्रम में लायंस क्लब के अन्य पदाधिकारी एवं शिक्षा के क्षेत्र से अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


No comments:

Post a Comment