लालपुर में नशा मुक्त गाँव अभियान के तहत जागरूकता गोष्ठी
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। उन्नत भारत अभियान सेल, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ द्वारा गोद लिए गए ग्राम लालपुर, ब्लॉक माछरा, मेरठ में नशा मुक्त गाँव अभियान के अंतर्गत ग्रामवासियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों को नशा छोड़ने एवं नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने अपने आशीर्वचन में कहा कि “नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के विकास में बाधक है। स्वस्थ एवं सशक्त समाज के लिए नशामुक्ति अत्यंत आवश्यक है।” डीन, इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी ने कहा कि “युवा नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा एवं प्रतिभा का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करें।” संस्थान के निदेशक प्रो. नीरज सिंघल ने कहा कि “नशा मुक्ति के लिए जन-जागरूकता के साथ सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।” कार्यक्रम के समन्वयक इंजीनियर आशुतोष मिश्रा ने बताया कि “विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए सभी पाँचों गाँवों में नशा मुक्ति एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।”
विशेषज्ञ वक्ता सुश्री प्रिया पाल, काउंसलिंग साइकोलॉजिस्ट एवं सुश्री शिवानी शर्मा, साइकोलॉजिस्ट, हेल्थ मिशन इंडिया से जुड़ीं, ने ग्रामीणों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान की जानकारी देते हुए नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि “नशा छोड़ना संभव है और परिवार एवं समाज के सहयोग से व्यक्ति स्वस्थ एवं सम्मानजनक जीवन की ओर लौट सकता है।” कार्यक्रम में डॉ. विजय कुमार, डॉ. निधि चौहान, इंजीनियर पारुल, इंजीनियर प्रवीण पवार सोनू महरोल हरिनाथ तथा छात्र प्रशांत करण का सहयोग रहा। ग्रामवासियों की ओर से श्री बृजपाल सिंह, दीपक कुमार.कैलाश चंद, धर्मवीर, चेतन सिंह, जगदीश एवं उषा शर्मा सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment