Wednesday, September 2, 2026

'छात्रों की गूंज’ को लेकर सियासत तेज, कांग्रेस ने तैयारियों पर की बैठक, भाजपा ने उठाए सवाल

नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। शहर में 19 सितंबर को प्रस्तावित राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने आ गई हैं। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बुधवार, 2 सितंबर को कांग्रेस ने महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। इसमें मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, छात्रों की भागीदारी, आयोजन स्थल और प्रशासनिक अनुमति को लेकर चर्चा की गई।


बैठक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस ने कार्यक्रम के लिए प्रशासन से लिखित अनुमति मांगी है, लेकिन अब तक अनुमति नहीं मिलने के कारण तैयारियां प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी शिक्षा, रोजगार, परीक्षा में पारदर्शिता, पेपर लीक और युवाओं के भविष्य जैसे मुद्दों को लगातार उठा रहे हैं। ‘छात्रों की गूंज’ का उद्देश्य इन्हीं मुद्दों पर छात्रों और युवाओं को अपनी बात रखने का मंच उपलब्ध कराना है।


पटवारी ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को राजनीतिक विवाद का विषय नहीं बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन से सकारात्मक बातचीत कर उपयुक्त मैदान या स्टेडियम उपलब्ध कराने का आग्रह किया जाएगा। कांग्रेस का दावा है कि कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक छात्र और युवा शामिल हो सकते हैं।


मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ किसी एक राजनीतिक विचारधारा से जुड़े छात्रों तक सीमित आयोजन नहीं है। यह छात्रों की समस्याओं और उनके भविष्य से जुड़े सवालों को सामने लाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोजगार, पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था को लेकर युवाओं में कई सवाल हैं। राहुल गांधी इन मुद्दों को लगातार उठा रहे हैं। चौधरी ने प्रदेशभर के छात्रों से कार्यक्रम में शामिल होकर अपने अनुभव और समस्याएं साझा करने की अपील की।

वहीं, कार्यक्रम को लेकर भाजपा ने कांग्रेस के दावों पर सवाल खड़े किए हैं। भाजपा नगर अध्यक्ष सुमीत मिश्रा ने तो कांग्रेस को शहर के लिए झूठे नरैटिव न फैलाते हुए आयोजन करने के लिए सुपर कॉरिडोर (50 हजार छात्रों की बड़ी भीड़ के लिए), दशहरा मैदान, अभय प्रशाल सभागृह जैसे तीन स्थान भी सुझाएं है। 


साथ ही भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष सौगात मिश्रा ने कांग्रेस पर आयोजन को लेकर राजनीतिक नैरेटिव बनाने और भ्रम की स्थिति पैदा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम आयोजित करना चाहती है और अनुमति को लेकर कोई विवाद है तो उसे वैधानिक प्रक्रिया के तहत हाईकोर्ट का रुख करना चाहिए।


मिश्रा ने दावा किया कि कार्यक्रम के लिए रीजनल पार्क के सामने स्थान तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस के 50 हजार से अधिक युवाओं के जुटने के दावे पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी को स्पष्ट करना चाहिए कि यह संख्या वास्तविक है या केवल प्रचार का हिस्सा।


भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष ने राहुल गांधी के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए मीडिया और केंद्र सरकार को लेकर उनके रुख पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने विचारों, संगठन और कार्यकर्ताओं की मेहनत के आधार पर काम करती है। राहुल गांधी के इंदौर आने से भाजपा पर कोई राजनीतिक प्रभाव नहीं पड़ेगा। ऐसे में 19 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम से पहले ही दोनों दलों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है

No comments:

Post a Comment