Breaking

Your Ads Here

Tuesday, September 8, 2026

राजनीति विज्ञान विभाग में बी.ए., एम.ए. एवं एम.पी.ए. प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग में आज बी.ए. प्रथम सेमेस्टर, एम.ए. प्रथम सेमेस्टर एवं एम.पी.ए. प्रथम सेमेस्टर के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं उन्हें विश्वविद्यालय तथा विभाग की शैक्षणिक गतिविधियों से परिचित कराने के उद्देश्य से दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।


कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष प्रो. अतवीर सिंह ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें उच्च शिक्षा के महत्व, शैक्षणिक अनुशासन, नियमित अध्ययन तथा तार्किक एवं आलोचनात्मक चिंतन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को राजनीति विज्ञान विषय की व्यापकता तथा वर्तमान सामाजिक एवं राजनीतिक परिप्रेक्ष्य में इसकी उपयोगिता से भी अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान सह विभागाध्यक्ष, डॉ. मुनेश कुमार द्वारा विद्यार्थियों को विभाग की शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों, पाठ्यक्रम, पुस्तकालय सुविधाओं, संगोष्ठियों, विचार-गोष्ठियों एवं अन्य शैक्षणिक अवसरों की जानकारी प्रदान की गई। 


विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय में उपलब्ध विभिन्न शैक्षणिक अवसरों का लाभ उठाने तथा अपने व्यक्तित्व के समग्र विकास के लिए प्रेरित किया गया। संकाय सदस्य, डॉ. चंचल ने कार्यक्रम का परिचय, डॉ. देवेंद्र ने स्वागत वक्तव्य तथा डॉ. भूपेंद्र प्रताप सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर विभाग के शिक्षकगण डॉ. जयवीर सिंह, डॉ. रवि पोसवाल एवं डॉ. सानिया खानम उपस्थित रहे।


दीक्षारंभ कार्यक्रम में बी.ए., एम.ए. एवं एम.पी.ए. प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने अपना परिचय देते हुए अपने विचार एवं जिज्ञासाएँ साझा कीं। विभागीय शिक्षकों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें उच्च शिक्षा, शोध एवं भविष्य के रोजगार तथा अध्ययन संबंधी अवसरों के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।


कार्यक्रम शैक्षणिक एवं संवादात्मक तौर पर प्रेरणादायक रहा। अंत में विभागाध्यक्ष एवं समस्त शिक्षकगण ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here