Saturday, September 5, 2026

चैंबर ऑफ कॉमर्स में जुटा संयुक्त मोर्चा, पश्चिम उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण के लिए एकजुटता का आह्वान



सहारनपुर, मेरठ और मुरादाबाद मंडल के संगठनों ने लिया हिस्सा, दो महीने में बड़े कार्यक्रमों की घोषणा

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। चैंबर ऑफ कॉमर्स, मेरठ में पश्चिम उत्तर प्रदेश के अलग राज्य निर्माण की मांग को लेकर संयुक्त मोर्चा के सभी सहयोगी संगठनों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में सभी संगठनों ने कंधे से कंधा मिलाकर आंदोलन को तेज करने का संकल्प लिया।


बैठक में राष्ट्रीय खेल मोर्चा, शोषित क्रांति दल, अधिकारी कल्याण परिषद, नव राज्य निर्माण संघ, बार एसोसिएशन और हाईकोर्ट संघर्ष समिति सहित सहारनपुर, मेरठ तथा मुरादाबाद मंडलों के पदाधिकारियों एवं विभिन्न सामाजिक-राजनीतिक संगठनों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डीएसपी धर्मबीर सिंह मलिक ने की, जबकि संचालन हिमांशु सिंह ने किया। केंद्रीय महासचिव कर्नल सुधीर चौधरी ने अब तक के आंदोलन का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया और आगामी रणनीति की घोषणा की। केंद्रीय अध्यक्ष सतपाल यादव ने सभी संगठनों से अपील की कि उत्तर प्रदेश के आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए राजनीतिक दलों पर दबाव बनाया जाए और अगले दो महीनों में होने वाले बड़े कार्यक्रमों में पूर्ण सहयोग किया जाए।


शोषित क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविकांत ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा में पास प्रस्ताव के अनुसार प्रदेश को 4 राज्यों में बांटने के प्रस्ताव को लागू कराया जाए। मेरठ बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष के.पी. शर्मा ने सभी बार एसोसिएशनों की ओर से आंदोलन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में अधिकारी कल्याण परिषद की ओर से कर्नल सुधीर चौधरी, ओमवीर सिंह वीरवाल, बाबूराम बालियान, राष्ट्रीय खेल मोर्चा की ओर से डीएसपी जगराज सिंह, शिव कौशिक तथा नव राज्य निर्माण संघ की ओर से कमलेश झा ने उच्च स्तर पर आपसी तालमेल बनाकर आंदोलन को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।


बैठक में किसान यूनियन सहित अनेक संगठनों के गणमान्य पदाधिकारियों ने नोएडा कार्यालय पर पहुंचकर अपने सुझाव दिए और अपने संगठन की शक्ति मोर्चा को प्रदान करने का आश्वासन दिया। सभी संगठनों ने एकजुटता का परिचय देते हुए जल्द से जल्द नए प्रदेश के निर्माण के लिए रूपरेखा तैयार करने पर सहमति जताई।

No comments:

Post a Comment