Saturday, September 5, 2026

संयुक्त प्रेस क्लब ने सम्मान समारोह में दिया एकजुटता का संदेश

 


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। पत्रकारों के हितों और सम्मान के लिए सदैव अग्रणी रहने वाले संयुक्त प्रेस क्लब द्वारा शनिवार को एक भव्य सम्मान एवं वितरण समारोह का आयोजन किया गया। मंगल पांडे नगर स्थित क्लब कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में संगठन को सशक्त और संगठित करने के उद्देश्य से सभी सदस्यों को पहचान पत्र (प्रेस कार्ड) और नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।


कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब के अध्यक्ष अतुल माहेश्वरी ने की, जबकि मंच का संचालन महामंत्री धर्मेंद्र तोमर और कोषाध्यक्ष लियाकत मंसूरी ने संयुक्त रूप से किया। पदाधिकारियों ने सभी पत्रकार साथियों को प्रेस कार्ड व नियुक्ति पत्र सौंपकर उनका उत्साहवर्धन किया और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर अध्यक्ष अतुल माहेश्वरी ने कहा कि "संयुक्त प्रेस क्लब सिर्फ एक संगठन नहीं, बल्कि एक परिवार है। हमारा उद्देश्य हर पत्रकार साथी को सम्मान दिलाना और उसकी आवाज को बुलंद करना है। प्रेस कार्ड सिर्फ पहचान नहीं, बल्कि हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।"


महामंत्री धर्मेंद्र तोमर ने कहा कि आने वाले समय में क्लब पत्रकारों के कल्याण और सुरक्षा के लिए और भी बड़े कदम उठाएगा। समारोह में मेरठ के वरिष्ठ और युवा पत्रकारों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया, जिससे पूरे कार्यक्रम में एकजुटता और भाईचारे का माहौल देखने को मिला। समारोह में प्रमुख रूप से राजेंद्र चौहान, अशोक गोस्वामी, विनोद गोस्वामी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शाहवेज खान सहित बड़ी संख्या में पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment