- काली नदी क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में जीवित गोवंश, तमंचे और गौकशी के उपकरण बरामद
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। थाना मुण्डाली पुलिस और स्वाट टीम देहात ने सोमवार को बड़ी कार्यवाही करते हुए गौकशी की तैयारी कर रहे दो शातिर अभियुक्तों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। मौके से एक जीवित गोवंश, गौकशी के उपकरण, अवैध हथियार और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को थाना मुण्डाली पुलिस क्षेत्र में गश्त एवं संदिग्ध वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कुछ संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर सर्च अभियान चलाया। तलाश के दौरान जब पुलिस टीम काली नदी क्षेत्र में पहुंची तो बदमाशों ने स्वयं को घिरा देख पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बावजूद बदमाशों ने दोबारा फायर करने का प्रयास किया। इस पर पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्यवाही की, जिसमें दो अभियुक्त घायल हो गए।
घायल अभियुक्तों की पहचान साबिर पुत्र अब्दुल बारी निवासी मोहल्ला मजीदपुरा, थाना हापुड़ नगर, जनपद हापुड़ और परवेज पुत्र शौकत निवासी थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र, मेरठ के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
थाना प्रभारी देवेन्द्र कुमार मिश्र ने बताया कि दोनों अभियुक्त सक्रिय एवं अभ्यस्त अपराधी हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अभियुक्त साबिर के विरुद्ध हापुड़ और मेरठ के विभिन्न थानों में 7 अभियोग, जबकि अभियुक्त परवेज के विरुद्ध मेरठ व गाजियाबाद में गौवध अधिनियम, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर और एनडीपीएस एक्ट सहित 21 अभियोग पंजीकृत हैं। विस्तृत आपराधिक इतिहास संकलित किया जा रहा है।
मुठभेड़ करने वाली टीम में एसओजी देहात प्रभारी निरीक्षक शैलेश तोमर, थानाध्यक्ष मुण्डाली देवेन्द्र कुमार मिश्र, उ0नि0 शैलेन्द्र सिंह, उ0नि0 रितेश चौरसिया, उ0नि0 श्यामसुन्दर, उ0नि0 रविन्द्र कुमार, है0कां0 मोनेन्द्र सिंह, है0कां0 रजनीश कुमार और कां0 प्रवीण कुमार शामिल रहे।
No comments:
Post a Comment