Breaking

Your Ads Here

Friday, September 4, 2026

सौरभ सागर महाराज 8 सितंबर को जिला कारागार में देंगे प्रवचन

 


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। जनपद में वर्षायोग कर रहे श्रमण संस्कृति के सुविख्यात जैनाचार्य सौरभ सागर महाराज आगामी 8 सितंबर को जिला कारागार में बंदियों को प्रवचन देंगे। शुक्रवार को सौरभ जैन सुमन एवं रितेश जैन ने कारागार में उक्त स्थान का निरीक्षण किया, जहां पूज्य श्री का प्रवचन होना है। बैरक नंबर 16 के विशाल ग्राउंड में प्रवचन होंगे। उन्होंने बताया कि वहां पर स्थाई रूप से एक स्टेज बना हुआ भी है, जिसपर पूज्य श्री ससंघ विराजित हो सकेंगे।


कार्यक्रम के संयोजक कवि सौरभ जैन सुमन ने जानकारी दी कि प्रातः 8 बजे जैनाचार्य सौरभ सागर महाराज जेल में बंद लगभग 2000 कैदियों को प्रवचन देंगे। सौरभ सुमन ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन कैदियों के सुधारने में सहायक होते हैं। ये बड़ा सौभाग्य है कि मेरठ में चातुर्मास कर रहे महातपस्वी दिगंबराचार्य कैदियों को स्वयं जेल में जाकर संबोधित करेंगे। किन्हीं पूर्व भवों के कर्मों से जेल में बंद अनेक बेकसूर कैदी सजा भोग रहे हैं, न जाने कितने ही ऐसे हैं जिन पर अभी दोष सिद्ध नहीं हुआ है और विचाराधीन हैं। ऐसे में सौरभ सागर जैसे संत जब स्वयं कारागार में जाकर उनको संबोधित करेंगे तो निश्चित ही उनके कर्म कटेंगे और अनेक खूंखार मुजरिमों का मन भी परिवर्तित होगा। सौरभ सुमन ने बताया कि इस समय जेल में नीले ड्रम केस में सौरभ राजपूत के हत्यारे मुस्कान एवं साहिल भी बंद हैं। महाराज शायद उनसे भी भेंट कर संवाद करें।


दो हजार कैदियों को भोजन कराएगा जैन समाज

जेल के सीनियर सुप्रिटेंडेंट डॉ. वीरेश राज इस आयोजन को लेकर बहुत उत्साहित हैं। उनके अनुसार, कैदियों के सुधार में ऐसे धार्मिक आयोजन मील का पत्थर सिद्ध होते हैं। जेल के सीनियर जेलर हरबंश पाण्डेय एवं अवनीश सिंह ने जैन समाज के प्रतिनिधियों को जेल का निरीक्षण करवाया एवं बैरक नंबर 16 का अवलोकन करवाया। हरबंश पाण्डेय ने बताया कि 8 सितंबर को जैन समाज की ओर से सभी 2000 कैदियों का भोजन भी करवाया जाएगा।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here