चौधरी चरण सिंह विवि के ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया शिक्षक सम्मान समारोह, देखा गया मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। योगी सरकार में शिक्षा की गुणवत्ता के साथ शिक्षकों के सम्मान और उनके योगदान को भी नई पहचान मिल रही है। शिक्षक दिवस पर चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष चंद्र बोस सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय समारोह में मेरठ के 39 शिक्षकों को प्रमाण पत्र, अंगवस्त्र और पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट शिक्षण कार्य के लिए मिले इस सम्मान ने शिक्षकों के उत्साह को बढ़ाया। समारोह में शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में संस्कार, संस्कृति और राष्ट्रभाव विकसित करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजनीतिक पेंशन, सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि किसी राष्ट्र की पहचान उसके नागरिकों के आचार-विचार, व्यवहार और दृष्टिकोण से होती है। शिक्षक का व्यक्तित्व जैसा होगा, विद्यार्थियों के व्यक्तित्व में भी उसकी झलक दिखाई देगी। इसलिए शिक्षकों की जिम्मेदारी केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति की दिव्यता, भव्यता और गरिमा से भी परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त कर रही है। शिक्षक शिक्षा के साथ संस्कार और संस्कृति की पाठशाला चला रहे हैं।
महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने कहा कि शिक्षक अपने सामाजिक दायित्व को समझते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। मा0 एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज ने शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक राष्ट्र के भविष्य निर्माता हैं। उनके द्वारा विद्यार्थियों में डाले गए संस्कार जीवनभर साथ रहते हैं। शिक्षक अपने कर्तव्य का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें तो शिक्षा व्यवस्था के साथ समाज में भी सकारात्मक बदलाव दिखाई देगा।
समारोह की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुई। जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने अतिथियों का अंगवस्त्र, पौधा और पुस्तक भेंट कर स्वागत किया। मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल ने जिलाधिकारी का अभिनंदन किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी का स्वागत किया।
समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा गोरखपुर में प्रदेश के सभी 75 जनपदों से चयनित शिक्षकों को राज्य शिक्षक पुरस्कार प्रदान किए जाने के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। यह प्रसारण जनपद मुख्यालय के साथ सभी विकासखंडों में हुआ। इसके बाद मेरठ के 39 शिक्षकों का जनपद स्तरीय सम्मान किया गया। सम्मान पाने वालों में सचिन कुमार, सुरेखा सहाय, पुष्पा यादव, प्रेमचंद, यदुवीर सिंह, मोहनदत्त शर्मा, ममता गर्ग, मीनाक्षी, दीपमाला, स्वाति शर्मा आदि शामिल रहे।
कार्यक्रम में विनीत कुमार, अनिरुद्ध कुमार, अंकुश कुमार, डॉ. शिप्रा विश्नोई, अनीता चौधरी, जसप्रीत कौर, ज्योति कटारिया, डॉ. सपना जसूजा, शैलजा सोम, दुष्यंत कुमार, राजेश कुमार, भूपेंद्र कुमार और कुंवर पाल सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों का सहयोग रहा। मंच संचालन एसआरजी नीलम पंकज ने किया। इस अवसर पर सीडीओ नूपुर गोयल, बीएसए आशा चौधरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं आदि उपस्थित रहे।

.jpeg)
No comments:
Post a Comment