Breaking

Your Ads Here

Saturday, September 26, 2026

ज्ञानसभा मेरठ-2026 में सांस्कृतिक संध्या ने भारतीय संस्कृति और कला के विविध रंगों को किया जीवंत


नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ और शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास (प.उ.प्र. क्षेत्र) के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित ज्ञानसभा मेरठ-2026 के अंतर्गत शनिवार शाम चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ के नेताजी सुभाष चन्द्र बोस प्रेक्षागृह में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में नृत्य, गीत, अभिनय एवं भारतीय शास्त्रीय कला की विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, भक्ति, राष्ट्रभाव और जीवन मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।

सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ ‘सरस्वती वंदना’ से हुआ। भरतनाट्यम शैली में प्रस्तुत नृत्य-संयोजन ने ज्ञान और विद्या की आराधना के भारतीय भाव को अभिव्यक्त किया। इसके पश्चात भक्ति गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में ‘चार युग’ विषय पर अभिनय सहित नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की गई, जिसमें विभिन्न युगों की सांस्कृतिक एवं जीवन-दृष्टि को कलात्मक माध्यम से प्रदर्शित किया गया। विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने ‘देश से है प्यार तो...’ विषय पर समूह नृत्य एवं अभिनय के माध्यम से राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को अभिव्यक्त किया।
इसके साथ ही ‘नृत्य एवं योग समागम’ के माध्यम से नृत्य और योग के समन्वय को प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में भारतीय शास्त्रीय परंपरा को विशेष स्थान देते हुए कथक परंपरा में 20 मिनट की विशेष प्रस्तुति भी हुई, जिसने दर्शकों को भारतीय शास्त्रीय नृत्य की समृद्ध विरासत से परिचित कराया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में कला के विभिन्न रूपों के माध्यम से यह संदेश उभरकर सामने आया कि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जन तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति, संस्कार, राष्ट्रभाव, योग, कला और जीवन मूल्यों से जुड़कर व्यक्ति के समग्र विकास का माध्यम बनती है। कार्यक्रम में उपस्थित विश्वविद्यालय परिवार, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अतिथियों ने प्रस्तुतियों की सराहना की।
सांस्कृतिक संध्या का संयोजन एवं प्रस्तुति प्रो. नीलू जैन गुप्ता एवं समस्त साहित्यिक-सांस्कृतिक परिषद के सदस्यों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय परिवार के शिक्षक, विद्यार्थी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here