
सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित का संकल्प ही समाज को नई दिशा देता है। — विधायक रमेश मेंदोला
नवीन मौर्य
नित्य संदेश, इंदौर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं उनके सेवा कार्य के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत माँ कनकेश्वरी देवी शासकीय महाविद्यालय, इंदौर में महाविद्यालय परिवार द्वारा 2000 से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए, बैण्ड तथा आतिशबाजियों के साथ दीपों की रोशनी से महाविद्यालय परिसर गमगा उठा और सेवा, सद्भावना, एकता एवं राष्ट्रहित का संदेश प्रसारित हुआ।
क्षेत्र क्रमांक-2 के विधायक रमेश मेंदोला ने विद्यार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सामाजिक अभियानों की जानकारी देते हुए छात्रवृत्ति योजनाओं, नशामुक्ति अभियान, पर्यावरण संरक्षण सहित अन्य जनहितकारी प्रयासों से अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को इन योजनाओं एवं अभियानों से जुड़कर लाभ लेने के लिए प्रेरित किया तथा सभी विद्यार्थियों को सेवा संकल्प की शपथ भी दिलवाई।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को शासन की जनकल्याणकारी पहलों की जानकारी प्राप्त हुई और उन्हें उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
जनप्रतिनिधि चंदू राव शिंदे ने सामूहिक दीप प्रज्वलन को सामाजिक एकता एवं सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक बताया।
प्राचार्य मेजर डॉ. संजय सोहनी ने विद्यार्थियों की सहभागिता को सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्रसेवा की भावना से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी डॉ. स्मिता चैतन्य सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए दीप प्रज्वलित किए। 2000 से अधिक दीपों का सामूहिक प्रज्वलन सेवा, सद्भावना, एकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के संकल्प का प्रतीक बना। अंत में छात्र छात्राओं के लिए भोजन व्यवस्था रखी गई।



No comments:
Post a Comment