नवीन मौर्य
नित्य संदेश, इंदौर। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के इंदौर में 19 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम के लिए एक लाख पंजीयन हो जाने का जश्न कांग्रेस के द्वारा आज मनाया गया। आज शाम को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे की उपस्थिति में भोलाराम उस्ताद मार्ग पर जश्न मनाया गया। कांग्रेस जनों ने इतनी बड़ी संख्या में पंजीयन होने पर अपनी खुशी जताई और कहा कि देश के युवाओं में जो असंतोष फैल रहा है उसका परिणाम ही यह पंजीयन है।
इस मौके पर कांग्रेस के द्वारा मिठाई का वितरण किया गया। भोलाराम उस्ताद मार्ग के बड़ी संख्या में छात्र और युवा इस आयोजन में भाग लेने के लिए पहुंचे।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस ने छात्रों और युवाओं की आवाज को उठाया है। लोकसभा के सत्र के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी के द्वारा जिस तरह से विद्यार्थियों के मामले को उठाया गया उसके चलते हुए विद्यार्थियों को इस बात की उम्मीद जगी है कि राहुल गांधी के माध्यम से उनकी समस्याओं का समाधान हो सकता है।
इस मौके पर इंदौर शहर कांग्रेस के अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि भाजपा की दिल्ली और भोपाल की सरकार के रवैया से छात्रों में गुस्सा है। अब इस गुस्से को सरकार तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं का समाधान करने का काम कांग्रेस करेगी।


No comments:
Post a Comment