नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU) के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में वर्ष 2021 के प्रवेश प्रकरण को लेकर राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (NCSC) ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार को अनुस्मारक-II जारी कर 7 दिन के भीतर रिपोर्ट तलब की है। आयोग के 27 अगस्त 2026 को जारी पत्र में उल्लेख है कि इस मामले में पूर्व में 11 जून 2026 और 4 अगस्त 2026 को भी पत्र भेजे गए थे, लेकिन निर्धारित समयावधि में अपेक्षित सूचना प्राप्त नहीं हुई। अब आयोग ने विश्वविद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया है कि पत्र प्राप्ति के 7 दिनों के भीतर आवश्यक सूचना आयोग को उपलब्ध कराई जाए, ताकि आयोग के अध्यक्ष को वस्तुस्थिति से अवगत कराया जा सके।
क्या है शिकायत
यह मामला मेरठ निवासी अनुसूचित जाति के छात्र मयंक कुमार वर्मा की शिकायत से जुड़ा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वर्ष 2021 में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में प्रवेश प्रक्रिया के दौरान उनके साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया गया। शिकायत के अनुसार, सभी आवश्यक दस्तावेज और प्रवेश शुल्क जमा करने के बावजूद उनका प्रवेश विश्वविद्यालय पोर्टल पर लॉक नहीं किया गया। आरोप है कि कुछ समय तक उन्हें कक्षाओं में बैठने दिया गया, लेकिन उपस्थिति दर्ज नहीं की गई। शिकायत में विभाग के कुछ अधिकारियों/कर्मचारियों पर जातिसूचक टिप्पणी और मानसिक उत्पीड़न के आरोप भी लगाए गए हैं।
शिकायतकर्ता का यह भी कहना है कि बाद में दबाव बनाकर उनसे प्रवेश वापसी का आवेदन लिखवाया गया और जमा फीस उनके बैंक खाते में वापस कर दी गई, जिससे उन्हें मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा। शिकायतकर्ता ने आयोग के समक्ष दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड, ई-मेल और ऑडियो रिकॉर्डिंग सहित अन्य साक्ष्य होने का दावा किया है। आयोग ने फिलहाल विश्वविद्यालय से रिपोर्ट मांगी है। मामला NCSC में विचाराधीन है।

No comments:
Post a Comment