नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। श्री दिगम्बर जैन पंचायती मंदिर, आनंदपुरी में रक्षाबंधन पर्व एवं ग्यारहवें तीर्थंकर श्री 1008 भगवान श्रेयांसनाथ जी का मोक्ष कल्याणक बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया।
प्रातःकालीन कार्यक्रम में भगवान को पाण्डुकशिला पर विराजमान कर भक्तों ने बड़े भक्ति-भाव से जलाभिषेक किया। अभिषेक के पश्चात शांति धारा करने का सौभाग्य सुनील कुमार जैन प्रवक्ता, अतुल जैन, प्रभात जैन एवं अनन्तवीर जैन को प्राप्त हुआ। इसके पश्चात श्री अकम्पनाचार्य आदि 700 मुनियों पर आए उपसर्ग को विष्णुकुमार मुनि द्वारा दूर करने की पावन स्मृति एवं भगवान श्रेयांसनाथ जी के मोक्ष कल्याणक के उपलक्ष्य में निर्वाण लाडू अर्पित किए गए। 11 किलो का निर्वाण लाडू तरस चंद जैन कोयले वालों की ओर से तथा 51 किलो के लाडू अन्य भक्तजनों द्वारा श्रद्धापूर्वक अर्पित किए गए।
मंदिर में भगवान महावीर पूजा, देव-शास्त्र-गुरु पूजा, रक्षाबंधन पर्व से संबंधित विशेष पूजा एवं श्री श्रेयांसनाथ महामंडल विधान का आयोजन किया गया, जिसमें माण्डले पर 72 अर्घ्य चढ़ाकर विश्व शांति एवं सुख-समृद्धि की कामना की गई। सभी धार्मिक क्रियाएं विधानाचार्य अरुण जैन द्वारा विधि-विधान पूर्वक संपन्न कराई गईं।
संध्याकाल में मंदिर को जगमग दीपकों से सजाकर भव्य आरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्यार्जन किया।
No comments:
Post a Comment