नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। लोहियानगर थाना क्षेत्र के न्यू इस्लामनगर में दहेज लोभियों ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। बेटी के ससुराल वालों को समझाने गए बुजुर्ग दंपति पर दहेज लोभियों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला की मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या और दहेज उत्पीड़न के मामले में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है।
समझाने गए थे, मिला मौत का तोहफा
जानकारी के अनुसार, 22 अगस्त को थाना लोहियानगर पर एक व्यक्ति ने तहरीर दी। बताया कि उसकी बेटी की शादी न्यू इस्लामनगर निवासी परिवार में हुई है। शादी के बाद से पति और ससुरालीजन दहेज की मांग को लेकर बेटी का उत्पीड़न कर रहे थे। पीड़ित पिता अपनी पत्नी और साली के साथ बेटी के ससुराल समझाने गया था। आरोप है कि वहां मौजूद ससुराल पक्ष के लोगों ने समझाने की बजाय गाली-गलौज शुरू कर दी और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में वादी की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मुकदमा दर्ज कर दो को दबोचा
तहरीर के आधार पर थाना लोहियानगर पुलिस ने तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 530/2026 धारा 85, 115(2), 352, 351(3), 105 बीएनएस और 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश पर चल रहे वांछित अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत आज 24 अगस्त को एसपी सिटी के निर्देशन और सीओ कोतवाली के पर्यवेक्षण में थाना लोहियानगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपियों को 100 फुटा रोड से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम -
- शाहरूख पुत्र हारून, उम्र करीब 24 वर्ष
- आवेश पुत्र हारून, उम्र करीब 20 वर्ष
दोनों निवासी गली नंबर-35, न्यू इस्लामनगर, थाना लोहियानगर, मेरठ
पुलिस टीम में उप निरीक्षक सतेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल कुंवरवीर सिंह और कांस्टेबल अंकित कुमार शामिल रहे। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है।

No comments:
Post a Comment