नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। शहर के पिलोखड़ी पुल से चार खंबा तक जाने वाली सड़क की बदहाली को लेकर क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी है। सड़क पर जलभराव, कीचड़ और गंदगी से लोगों का चलना दूभर हो गया है। कई बार नगर निगम से गुहार लगाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसी को लेकर एकता सेवा समिति उत्तर प्रदेश ने नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। समिति द्वारा जारी बैनर में चेतावनी दी गई है कि यदि पिलोखड़ी पुल से चार खंबा तक रोड का निर्माण शीघ्र शुरू नहीं किया गया तो क्षेत्र के गणमान्य लोग और समिति के कार्यकर्ता पिलोखड़ी पुल पर धरने पर बैठेंगे। समिति का कहना है कि बार-बार क्षेत्रवासियों द्वारा मांग करने के बावजूद निगम ने कोई कार्यवाही नहीं की, इसलिए विरोध स्वरूप धरने पर बैठने का निर्णय लिया गया है।
बैनर में यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्र के लोग आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे। इस मौके पर समिति के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व पार्षद चौधरी अबरार अहमद, सपा नेता प्रदेश सचिव सलीम मेवाती, हाजी महबूब राणा, ताहिर अब्बासी, फारुख राणा और पं. सुभाष चंद शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment