Thursday, August 27, 2026

हापुड़ अड्डा से बच्चा पार्क तक रेंगते रहे वाहन, नदारद रही पुलिस


 

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। शहर के प्रमुख मार्गों पर गुरुवार को जबरदस्त जाम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। हापुड़ अड्डा चौराहे से बच्चा पार्क के आगे तक दोनों दिशाओं में वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। जाम में फंसे लोग घंटों रेंग-रेंगकर चलने को मजबूर रहे।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ई-रिक्शा और डग्गामार वाहनों की बेतहाशा भरमार के चलते हालात और ज्यादा बिगड़ गए। मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण और बेतरतीब खड़े वाहनों ने भी जाम को बढ़ाने का काम किया। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि हापुड़ अड्डा से बच्चा पार्क तक के इस व्यस्ततम मार्ग पर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए न तो ट्रैफिक पुलिस नजर आई और न ही लिसाड़ी गेट, कोतवाली, सिविल लाइन और लालकुर्ती थानों की पुलिस। सिर्फ ईव्ज चौराहे पर तीन-चार यातायात पुलिसकर्मी मौजूद दिखाई दिए। जाम के कारण स्कूली बच्चों, दफ्तर जाने वाले लोगों और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके।

No comments:

Post a Comment