Thursday, August 27, 2026

मिलेनियम पब्लिक स्कूल में एनवायरमेंट क्लब ने‌ मनाया वृक्षाबंधन, 1000 छात्रों ने ली वृक्ष लगाने और बचाने की शपथ



नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ | रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर एनवायरमेंट क्लब द्वारा बागपत रोड स्थित मिलेनियम पब्लिक स्कूल में वृक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रार्थना सभा में क्लब संस्थापक सावन कन्नौजिया ने छात्रों से कहा कि जो पेड़ हमें निःस्वार्थ भाव से अमूल्य ऑक्सीजन, छाया, फल आदि देते हैं उन पेड़ों की सुरक्षा का आज हमें संकल्प लेना चाहिए। 


पर्यावरण संरक्षण हेतु हम जेनजी और जेन अल्फा को मिलकर, इसे अपना परम कर्तव्य मानना होगा। सावन ने बड़ी संख्या में मौजूद छात्रों से आह्वान किया कि रक्षाबंधन पर्व पर अपनी बहन के साथ घर या आसपास लगे पेड़ों को रक्षासूत्र जरूर बाँधें और प्रकृति से जुड़ने का अनुभव करें। प्रधानाचार्या सविता शर्मा ने छात्रों को वृक्ष संरक्षण की शपथ दिलाई और पेड़ लगाने हेतु प्रेरित किया व क्लब के अनूठे प्रयास की सराहना की। स्कूल के छात्रों व प्रमुखता से ईको क्लब द्वारा उत्साहपूर्वक क्लब टीम के साथ स्कूल प्रांगण में लगे पेड़ों को राखी बांधकर उन्हें बचाने का संकल्प लिया गया। वृक्षाबंधन कार्यक्रम में पेड़ों को छात्रों व क्लब सदस्यों द्वारा हस्तनिर्मित ईको-फ्रेंडली राखी बांधी गईं और पेड़ों के प्रति कृतज्ञता व धन्यवाद का भाव प्रकट किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्या सविता शर्मा, उपप्रधानाचार्य हरिओम, क्लब संस्थापक सावन कन्नौजिया, पूजा गोयल, अनिता नागर, सचिन यादव, देवराज चौधरी, रचित, अभिषेक, राजन, हर्ष चौहान आदि मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment