नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं जिला अध्यक्ष अंकुश चौधरी ने आरोप लगाया है कि वह अपनी गाड़ी से बेगमपुल चौकी के सामने सामान्य रूप से अपने रास्ते पर जा रहे थे। इसी दौरान एसएसपी अविनाश पांडे के काफिले में शामिल एक बोलोरो वाहन हूटर बजाते हुए तेज रफ्तार में आया और उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।
अंकुश चौधरी का कहना है कि टक्कर मारने के बाद भी संबंधित बोलोरो वाहन नहीं रुका, बल्कि तेज गति से आगे निकल गया। उन्होंने कहा कि यदि बेगमपुल चौकी पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तत्काल सुरक्षित कर निष्पक्ष जांच कराई जाए तो पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने कहा कि घटना के कुछ ही समय बाद एसएसपी अविनाश पांडे का काफिला बेगमपुल से बच्चा पार्क की ओर पहुंचा। उनके अनुसार, एसएसपी ने पहले रास्ते का निरीक्षण किया, उसके बाद समाजसेवी प्रतिश ठाकुर का अभिवादन किया और फिर अपने वाहन में सवार होकर आगे रवाना हो गए। अंकुश चौधरी का आरोप है कि इस दौरान उनकी शिकायत पर कोई संज्ञान नहीं लिया गया।
अंकुश चौधरी ने कहा कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर यही टक्कर किसी कांवड़िए, किसी जनप्रतिनिधि या किसी प्रभावशाली व्यक्ति के वाहन से हुई होती, तब भी क्या प्रशासन का यही रवैया रहता? क्या तब भी टक्कर मारने वाला वाहन बिना किसी कार्रवाई के आगे निकल जाता? क्या कानून केवल आम नागरिकों के लिए है? उन्होंने कहा कि कानून का राज तभी स्थापित होगा जब सरकारी काफिलों में शामिल वाहन भी उतने ही जवाबदेह होंगे जितना एक सामान्य नागरिक होता है।
प्रदेश प्रवक्ता एवं जिला अध्यक्ष, आम आदमी पार्टी मेरठ, अंकुश चौधरी ने मांग की है कि बेगमपुल चौकी के सामने लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तत्काल सुरक्षित कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा टक्कर मारने वाले बोलोरो वाहन के चालक और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए समान होना चाहिए और सरकारी काफिले में शामिल होने का अर्थ कानून से ऊपर होना नहीं है
No comments:
Post a Comment