-कातिलों ने मध्य गंगनहर में फेंक दिया था शव, हस्तिनापुर में हुई थी घटना
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। थाना हस्तिनापुर पुलिस
और स्वाट टीम देहात ने हत्या की एक सनसनीखेज वारदात का सफल अनावरण करते हुए तीन अभियुक्तों
को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल और
साक्ष्य से जुड़ी सामग्री भी बरामद की है।
बतादे कि रूस्तम पुत्र वकील निवासी
बस्तौरा नारंग थाना हस्तिनापुर ने थाने पर तहरीर दी थी कि उसके भाई सरवर को अभियुक्त
नजाकत पुत्र आरिफ निवासी सारंगपुर थाना किठौर व राहुल पुत्र धर्मपाल निवासी असीलपुर
कौठरा थाना किठौर ने अपने साथियों के साथ मिलकर घर से मोटरसाइकिल पर ले जाकर गढ़ चौपला
(स्याना चौराहा) के पास स्थित एक होटल के कमरे में गोली मारकर हत्या कर दी और शव को
होटल की बेडशीट में बांधकर मध्य गंग नहर में फेंक दिया। तहरीर के आधार पर थाना हस्तिनापुर
पर धारा 103(1)/238 बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। विवेचना में सामने आया
कि होटल मालिक और मैनेजर को घटना की जानकारी होने के बावजूद पुलिस को सूचना नहीं दी
और कमरे में पड़े खून आदि को साफ कर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया।
पुलिस की कार्रवाई –
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर
एसपी देहात के निर्देशन और सीओ मवाना के पर्यवेक्षण में थाना हस्तिनापुर पुलिस और स्वाट
टीम देहात ने चेकिंग के दौरान मुख्य अभियुक्त राहुल पुत्र धर्मपाल को गिरफ्तार किया।
उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक सैमसंग
मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई।
मुख्य आरोपी पर कई थानों में मुकदमे
दर्ज
राहुल की निशानदेही पर साक्ष्य छिपाने
के आरोप में होटल मालिक रोबिन पुत्र राजवीर शर्मा निवासी झड़ीना थाना गढ़मुक्तेश्वर
हापुड़ और होटल मैनेजर ओमेन्द्र पुत्र ओमपाल निवासी लोधीपुर झपका गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़
को भी गिरफ्तार किया गया। मौके से बेडशीट के रंग से मिलता-जुलता तकिये का कवर भी बरामद
किया गया है। तीनों अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। मुख्य
अभियुक्त राहुल पर पूर्व में बिजनौर और मेरठ के विभिन्न थानों में लूट, हत्या, डकैती
व आर्म्स एक्ट सहित 9 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस फरार अभियुक्त नजाकत की तलाश में जुटी
है।

No comments:
Post a Comment