वसीम मलिक
नित्य संदेश, रोहटा। क्षेत्र के गांवों में शुक्रवार को भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का पर्व रक्षाबंधन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही गांवों में पर्व को लेकर उत्साह का माहौल रहा। बहनों ने विधि-विधान के साथ भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और उनके सुखी, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। भाइयों ने भी बहनों की रक्षा और हर सुख-दुख में साथ देने का संकल्प लेते हुए उन्हें उपहार भेंट किए।
रक्षाबंधन को लेकर सुबह से ही घरों में तैयारियां शुरू हो गई थीं। बहनों ने पूजा की थाली सजाई, जिसमें रोली, अक्षत, दीपक, मिठाई और राखियां रखीं। शुभ मुहूर्त में बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर अक्षत लगाए और उनकी कलाई पर राखी बांधी। इसके बाद भाइयों का मुंह मीठा कराकर उनके उज्ज्वल भविष्य और लंबी उम्र की कामना की गई। भाइयों ने भी बहनों को मिठाई खिलाकर उनके प्रति स्नेह जताया तथा उपहार देकर पर्व की खुशियां साझा कीं।
पर्व को लेकर बाजारों में भी काफी चहल-पहल रही। गांवों और कस्बों में राखी, मिठाई और पूजा सामग्री की दुकानों पर लोगों की भीड़ नजर आई। रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियों ने बच्चों से लेकर महिलाओं तक को खूब आकर्षित किया। कई बहनें अपने भाइयों के लिए पसंद की राखियां खरीदती नजर आईं। मिठाई की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ रही।
दूर रहने वाले भाई-बहनों ने भी रक्षाबंधन के पर्व पर एक-दूसरे को फोन और वीडियो काल के माध्यम से शुभकामनाएं दीं। वहीं, कई बहनें अपने मायके पहुंचीं तो घरों में पर्व की खुशी और बढ़ गई। लंबे समय बाद बहनों के पहुंचने पर परिवार के सदस्यों ने उनका स्वागत किया।
No comments:
Post a Comment