Breaking

Your Ads Here

Monday, August 24, 2026

हरदोई की 7 वर्षीय अनुष्का के दिल के ऑपरेशन के लिए जन कल्याण समिति ने बढ़ाया मदद का हाथ, 3 यूनिट रक्त का कराया इंतजाम

 



नित्य संदेश ब्यूरो

अलीगढ़। हरदोई निवासी 7 वर्षीय मासूम अनुष्का के दिल में छेद होने के कारण उसका ऑपरेशन होना है। बच्ची इस समय अलीगढ़ के जे.एन. मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती है। आर्थिक और चिकित्सकीय परेशानियों से जूझ रहे परिवार के सामने रक्त की कमी के कारण ऑपरेशन में देरी हो रही थी, ऐसे में सामाजिक संस्था जन कल्याण समिति ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए मदद का हाथ बढ़ाया है।


जानकारी के अनुसार, अनुष्का के दिल के ऑपरेशन के लिए डॉक्टरों ने 6 यूनिट रक्त की आवश्यकता बताई थी। परिवार हरदोई का निवासी होने के कारण अलीगढ़ में केवल 3 यूनिट रक्त का ही इंतजाम कर सका था। रक्त पूरा न होने से बच्ची के ऑपरेशन में बाधा आ रही थी। इस मामले की जानकारी जब सी.टी.वी.एस. विभाग के प्रोफेसर आजम हसीन और डॉ. शमायल रब्बानी के माध्यम से जन कल्याण समिति के सचिव मुजफ्फर इकबाल को मिली तो उन्होंने तत्काल पहल की। सूचना मिलते ही जन कल्याण समिति की टीम जे.एन. मेडिकल हॉस्पिटल पहुंची और तत्काल 3 यूनिट रक्त की व्यवस्था कराई, जिसके बाद बच्ची के ऑपरेशन का रास्ता साफ हो सका। संस्था की इस मानवीय पहल से अनुष्का के परिजनों को बड़ी राहत मिली है। परिजनों ने जन कल्याण समिति की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में संस्था द्वारा की गई मदद उनके लिए संजीवनी साबित हुई है।


इस अवसर पर जन कल्याण समिति के अध्यक्ष इमरान खान ने कहा कि जरूरतमंद और असहाय मरीजों की सहायता करना ही संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि हम उन सभी रक्तदाताओं का दिल से शुक्रिया अदा करते हैं, जो हमारे रक्तदान शिविरों में आकर किसी अनजान की जिंदगी बचाने के लिए रक्तदान करते हैं।इस दौरान अध्यक्ष इमरान खान, सचिव मुजफ्फर इकबाल, उपसचिव फरमान खान, कोषाध्यक्ष मोहम्मद रिजवान, बबलू राईन, नाजिम खान सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here