नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। थाना जानी पुलिस को गौकशी के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गौवध अधिनियम में वांछित चल रहे 02 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्यवाही में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। मौके से एक जीवित गाय, अवैध हथियार और गौकशी के उपकरण बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, देर रात को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना जानी पर पंजीकृत मु0अ0सं0 393/26 धारा 3/5/5क/8 गौवध अधिनियम में वांछित अभियुक्त मोहम्मद अहमद पुत्र अफसर और समीर पुत्र नियाजु निवासी सिवालखास, टिमकिया कोठी क्षेत्र में गौकशी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर थाना जानी पुलिस ने टीम गठित कर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर अभियुक्तों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्यवाही की, जिसमें अभियुक्त मोहम्मद अहमद (24 वर्ष) के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लग गई। पुलिस ने घायल सहित उसके साथी समीर (22 वर्ष) को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी -
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 01 जीवित गाय, 02 अवैध तमंचे, 04 खोखा कारतूस, 03 जिंदा कारतूस और गौकशी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त मोहम्मद अहमद पर पहले से हापुड़ और मुजफ्फरनगर जनपद में धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट सहित 4 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि समीर पर थाना जानी का गौवध अधिनियम का मुकदमा दर्ज है। थाना जानी पुलिस द्वारा प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
No comments:
Post a Comment