रवि गौतम
नित्य संदेश, परीक्षितगढ़। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में राखी मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में लगभग 25 छात्राओं ने भाग लिया। छात्राओं ने अपने हाथों से बनाई हुई राखियों में भाई-बहन के प्रेम की अमिट छाप छोड़ी।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा स्वच्छता का संदेश। छात्राओं अंशिका, आरुषि, शिखा, सुनीता, शिवानी, अवंतिका, ईशा और खुशी गौतम ने विद्यालय के कर्मचारी योगिंदर और रविंदर भैया को स्वयं बनाई हुई राखी बांधी। छात्राओं ने कहा कि ये लोग विद्यालय में रहकर हमें स्वच्छ वातावरण देकर बीमारियों से दूर रखते हैं, इसलिए इन्हें राखी बांधकर सम्मान देना जरूरी है।
प्रधानाचार्य पूनम चौधरी ने कहा कि स्वच्छता हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। वरिष्ठ प्रवक्ता नीतू प्रेमी ने कहा कि जैसे हम अपने आसपास की गंदगी साफ करते हैं, वैसे ही मन से नकारात्मक विचारों को भी दूर करना चाहिए। डॉ. भावना शर्मा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से हम खुद जागरूक होते हैं और दूसरों को भी जागरूक करते हैं। शाहाना मैम ने सभी छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका मोनिका सिंह ने निभाई। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान मुस्कान ने, द्वितीय स्थान करिश्मा ने और तृतीय स्थान अवंतिका और ईशा सैनी ने प्राप्त किया। सभी विजेताओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया।

No comments:
Post a Comment