Breaking

Your Ads Here

Tuesday, July 28, 2026

PVVNL ने लगाई लंबी छलांग, बी ग्रेड से पहुंचा ए+ ग्रेड पर - ऊर्जा राज्य मंत्री ने की समीक्षा

- बॉडी वॉर्न कैमरों से होगी बिजली चोरी पर कार्रवाई, उपभोक्ता संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PVVNL) की समीक्षा बैठक सोमवार को ऊर्जा भवन में हुई। उत्तर प्रदेश के ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने वाणिज्यिक, तकनीकी एवं उपभोक्ता सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में 14 जनपदों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल रहे।

बैठक में प्रस्तुतीकरण के दौरान बताया गया कि पीवीवीएनएल ने केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय की 14वीं इंटीग्रेटेड रेटिंग में उल्लेखनीय सुधार करते हुए बी ग्रेड से ए+ ग्रेड प्राप्त किया है। यह डिस्कॉम के वित्तीय अनुशासन, परिचालन दक्षता और उपभोक्ता सेवा में सुधार का परिणाम है। समीक्षा के दौरान मंत्री जी ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक उपभोक्ता को गुणवत्तापूर्ण, निर्बाध और समयबद्ध विद्युत सेवा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक की प्रमुख बातें -
1. उपभोक्ता सेवाओं में डिजिटल विस्तार: नए कनेक्शन, लोड परिवर्तन, श्रेणी परिवर्तन, ऑनलाइन भुगतान जैसी सभी सुविधाएं डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही हैं।

2. शिकायत निस्तारण: 1912 कॉल सेंटर, ऑनलाइन पोर्टल, व्हाट्सएप, सोशल मीडिया, जनसुनवाई और CGRF के माध्यम से बहुस्तरीय शिकायत निवारण व्यवस्था संचालित है। मंत्री जी ने निर्देश दिए कि कंज्यूमर ग्रुप में उपभोक्ताओं को विद्युत व्यवधान निस्तारण का वास्तविक समय बताया जाए और पूछे गए प्रश्नों का तथ्यात्मक जवाब दिया जाए।

3. बिजली चोरी पर सख्ती: विद्युत चोरी रोकने के अभियान में बॉडी वॉर्न कैमरों का अधिकतम उपयोग करने पर जोर दिया गया, ताकि जांच और प्रवर्तन कार्रवाई पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह बन सके।

4. निर्बाध आपूर्ति पर फोकस: मंत्री जी ने ओएमएस (आउटेज मैनेजमेंट सिस्टम) कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया और SAIFI एवं SAIDI सूचकांकों में सुधार कर गुणवत्तापूर्ण आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लाइन लॉस और एटी एंड सी लॉस कम करने के लिए व्यापक अभियान जारी रखने को कहा।

5. विद्युत सुरक्षा: प्रत्येक विद्युत दुर्घटना की गहन जांच, जिम्मेदारी तय करने और भविष्य में रोकथाम के लिए तत्काल सुधारात्मक उपाय लागू करने के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि मंत्री जी के मार्गदर्शन से अधिकारी-कर्मचारी जनहित में और अधिक समर्पण से कार्य करेंगे और उपभोक्ताओं को निर्बाध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) आशु कालिया, निदेशक (वाणिज्य) संजय जैन, निदेशक (तकनीकी) एन.के. मिश्र, निदेशक (वित्त) स्वतंत्र कुमार तोमर सहित मुख्यालय के सभी मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता एवं अधिशासी अभियंता उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here