Breaking

Your Ads Here

Saturday, July 18, 2026

दलित छात्रा ललिता गौतम के परिजनों से मिले मुख्यमंत्री

 

-घटना पर जताया गहरा शोक, कहा- "एक भी दोषी बचेगा नहीं"


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को दिवंगत दलित छात्रा ललिता गौतम के परिजनों से गाजियाबाद स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में मुलाकात कर घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए भरोसा दिलाया कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी दोषी को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और सभी अपराधियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता और दृढ़ता के साथ खड़ी है तथा उन्हें न्याय दिलाने में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने प्रकरण की विवेचना में किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को अभियोजन की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करते हुए दोषियों को कठोरतम दंड दिलाने के लिए सभी आवश्यक विधिक उपाय करने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को तत्काल राहत प्रदान करते हुए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से ₹5 लाख की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मृतका के पिता तथा परिवार के एक अन्य पात्र सदस्य को मुख्यमंत्री आवास उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। साथ ही आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड सहित सभी पात्र लाभार्थीपरक सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि परिवार को हरसंभव सहयोग मिल सके।


न्याय मिलने का विश्वास व्यक्त किया

मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद मृतका के पिता वेदप्रकाश तथा भाई प्रशांत ने न्याय मिलने का विश्वास व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने पूरे धैर्य और आत्मीयता के साथ उनकी पीड़ा सुनी तथा आश्वस्त किया कि इस जघन्य अपराध में शामिल एक भी अपराधी बच नहीं पाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात ने परिवार को न्याय मिलने का भरोसा और मजबूत किया है। इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री एवं मेरठ के जिला प्रभारी मंत्री असीम अरुण सहित वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here