नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। कनोहर लाल स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय में आज एक्टिविटी क्लब के तत्वावधान में भूजल सप्ताह के अंतर्गत प्रदेशव्यापी सात दिवसीय जल संरक्षण एवं जन जागरूकता अभियान के तहत कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत जल संरक्षण विषय पर आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता के पोस्टरों की प्रदर्शनी लगाई गई। इसके साथ ही छात्राओं को जल बचाओ अभियान की शपथ दिलाई गई और महाविद्यालय परिसर से जल संरक्षण जागरूकता रैली निकाली गई। इसी श्रृंखला में एन.सी.सी. इकाई द्वारा कैडेट्स को "बी" प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत पौधे प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या एवं संरक्षिका प्रो. किरण प्रदीप द्वारा प्रदर्शनी के अवलोकन से किया गया। उन्होंने सभी छात्राओं को जल संरक्षण की शपथ दिलाई और उनके नेतृत्व में निकली रैली के माध्यम से आमजन को जल बचाओ अभियान से जुड़ने का संदेश दिया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर वर्ग उपस्थित रहे।
जल संरक्षण पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान श्वेता रानी (बी.ए. पंचम सेमेस्टर), द्वितीय स्थान कशिश (बी.ए. तृतीय सेमेस्टर), तृतीय स्थान गीतिका (एम.ए. तृतीय सेमेस्टर) ने प्राप्त किया। प्रोत्साहन पुरस्कार कुमारी प्रियांशी (बी.ए. तृतीय सेमेस्टर) एवं कुमारी रितिका (बी.ए. तृतीय सेमेस्टर) को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में एक्टिविटी क्लब की सह-समन्वयक डॉ. अल्पना एवं एसोसिएट एन.सी.सी. ऑफिसर सिद्धी गुप्ता का विशेष सहयोग रहा।
No comments:
Post a Comment