नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अशोका एकेडमी के कक्षा 12 के छात्र तेजस अग्रवाल ने मेरठ जिले में शीर्ष स्थान प्राप्त कर विद्यालय, परिवार तथा पूरे जिले का नाम गौरवान्वित किया है। तेजस ने परीक्षा में 720 में से 686 अंक अर्जित कर यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
इस गौरवपूर्ण सफलता के उपलक्ष्य में सोमवार को अशोका एकेडमी परिसर में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में तेजस अग्रवाल के साथ उनके पिता श्री विजय कृष्ण अग्रवाल एवं माता श्रीमती प्रीति अग्रवाल को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि को छात्र की कठिन मेहनत, अनुशासन, लगन तथा अभिभावकों और शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन का परिणाम बताया।
इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक के.डी. शर्मा, डायरेक्टर हेड असीम दुबे, प्रधानाचार्या डाॅ. पारूल चौधरी तथा सीनियर कोऑर्डिनेटर सुश्री राशिका जैन अग्रवाल ने तेजस को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि तेजस की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है तथा यह सिद्ध करती है कि समर्पण, निरंतर परिश्रम और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
विद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि तेजस भविष्य में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियाँ प्राप्त कर समाज एवं राष्ट्र की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। समारोह के दौरान शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भी तेजस को बधाई देते हुए उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।
अशोका एकेडमी परिवार ने तेजस अग्रवाल की इस शानदार उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
No comments:
Post a Comment