नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। विकास क्षेत्र सरूरपुर के प्राथमिक विद्यालय बहादुरपुर नं. 1 में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर हुई जांच के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रधानाध्यापक और एक सहायक अध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जांच रिपोर्ट में सामने आया है कि शिक्षकों ने निर्धारित समय से पहले ही विद्यालय छोड़ दिया था। यही नहीं, छुट्टी के समय विद्यार्थियों से ही कक्षाओं में ताला लगवाया गया और कक्षाओं का भौतिक सत्यापन किए बिना ही स्कूल बंद कर दिया गया। इस लापरवाही के चलते एक छात्र कक्षा में ही बंद रह गया। यह मामला शासन के निर्देशों की अवहेलना और छात्र सुरक्षा में गंभीर चूक माना गया है।
प्रकरण को गंभीर प्रशासनिक एवं सुरक्षा संबंधी लापरवाही मानते हुए प्रधानाध्यापक श्री राजीव कुमार एवं सहायक अध्यापक श्री उमेश कुमार को निलंबित कर उनके विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वहीं विद्यालय की अन्य सहायक अध्यापिकाओं के इस कृत्य पर वर्ष 2026-27 के लिए परिनिंदा प्रविष्टि दर्ज करने और भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
No comments:
Post a Comment