• बीते वित्तीय वर्ष में आरक्षित श्रेणी के 81 प्रतिशत युवाओं ने पाई नौकरी
लियाकत मंसूरी
नित्य संदेश, मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए चलाए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। प्रदेश सरकार की रोजगार नीति के तहत जिले में वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 57 रोजगार मेलों का आयोजन किया गया, जिसके आधार पर 8327 युवाओं को रोजगार प्रदान किया गया। खास बात यह है कि रोजगार हासिल करने वालों में 81.10 प्रतिशत संख्या पिछडे़, दलित और अल्पसंख्यकों की रही।
विपक्ष भले ही प्रदेश सरकार पर पीडीए ( पिछड़ों, दलित और अल्पसंख्यकों) की उपेक्षा करने का आरोप लगाए, लेकिन क्षेत्रीय सेवायोजन विभाग के आंकडे़ कुछ और ही कहानी बयां कर रहे हैं। प्रदेश सरकार की ओर से जिले में स्थित क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय को बीते वित्तीय वर्ष में 46 रोजगार मेलों का आयोजन करके 7150 युवाओं को नौकरियां उपलब्ध कराने का लक्ष्य प्रदान किया गया था। विभाग की ओर से इस अवधि में जिले के विभिन्न ब्लॉकों, कॉलेजों और ग्राम पंचायत स्तर पर 57 मेले आयोजित किए गए। इन मेलों में 15074 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया।
इन मेलों में विभिन्न क्षेत्रों की 294 प्रतिष्ठित कंपनियों ने हिस्सा लिया। चयन प्रक्रिया के बाद 8,327 अभ्यर्थियों को रोजगार के लिए चयनित किया गया। चयनित अभ्यर्थियों में 7,105 पुरुष और 1,222 महिलाएं शामिल हैं। वहीं सामाजिक वर्ग के आधार पर 2,812 अनुसूचित जाति (एससी) तथा 3,585 अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के अभ्यर्थियों का चयन हुआ। अल्पसंख्यक वर्ग से 357 अभ्यर्थियों को रोजगार प्राप्त हुआ।
महिलाओं के लिए पिंक मेले
प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए पिंक रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। विभाग की ओर से इस कड़ी में ईस्माइल गर्ल्स डिग्री कॉलेज में आयोजित पिंक मेले में कुल 585 छात्राओं ने पंजीकरण कराया था, जिसमें 339 छात्राओं को सफलता मिलीं। ये सभी चयनित छात्राएं वर्तमान में विभिन्न कंपनियों में टेली सेल्स, फील्ड सेल्स, बिजनेस डवलपमेंट एग्जिक्यूटिव जैसे पदों पर अपनी सेवाएं प्रदान कर रही हैं। कई छात्राओं का शुरूआती वार्षिक पैकेज तीन लाख रूपये से अधिक है।
वृहद रोजगार मेले में एक हजार को मिला रोजगार
इस वित्तीय वर्ष में भी विभाग की ओर से व्यापक स्तर पर रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे। हाल ही में 17 जून को आयोजित वृहद रोजगार मेले में 5020 युवाओं ने प्रतिभाग किया था, जिसमें 1342 युवाओं को सफलता मिली। इस दौरान 53 कंपनियों ने 10 हजार से लेकर 30 हजार प्रतिमाह के वेतन पर कई फ्रेशर युवाओं का चयन किया है।
रोजगार मेले युवाओं और उ़द्योग जगत के बीच सेतु
सहायक सेवायोजन अधिकारी का कहना है कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप रोजगार मेले युवाओं और उद्योग जगत के बीच एक प्रभावी सेतु साबित हो रहे हैं। योगी सरकार लगातार कौशल विकास, स्वरोजगार और निजी क्षेत्र में रोजगार सृजन को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है। रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं को एक ही मंच पर अनेक कंपनियों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है, जिससे रोजगार पाने की प्रक्रिया सरल और पारदर्शी बनी है।
No comments:
Post a Comment