नित्य संदेश ब्यूरो
रोहटा : पुलिस ने मानवता का परिचय देते हुए एक घायल मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक का उपचार कराने के बाद सी-प्लान एप के माध्यम से उसके परिजनों का पता लगाकर सकुशल उन्हें सौंप दिया। पुलिस की इस सराहनीय पहल की क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है।
17 जून को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पैदल गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों को एक युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त अवस्था में मिला, जिसकी पीठ पर गंभीर घाव था और वह असहनीय दर्द से परेशान था। पुलिस टीम ने तत्काल उसे सीएचसी रोहटा पहुंचाकर उपचार कराया। उपचार के बाद युवक से उसके घर-परिवार की जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया। युवक ने अपना नाम बबलू पुत्र राधेश्याम निवासी ग्राम करकोली थाना मुंगराबादशाहपुर, जनपद जौनपुर बताया।
इसके बाद उपनिरीक्षक राहुल कुमार गुप्ता ने सी-प्लान एप के माध्यम से ग्राम प्रधान करकोली से संपर्क किया और व्हाट्सएप फोटो भेजकर युवक की पहचान कराई। ग्राम प्रधान ने युवक की पहचान करते हुए बताया कि वह कई दिनों से लापता चल रहा था। इसके बाद उसके भाई बरराज उर्फ पप्पू पुत्र राधेश्याम, जो वर्तमान में दिल्ली में रह रहे हैं, से संपर्क स्थापित किया गया और उन्हें थाना रोहटा बुलाकर युवक को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
इस दौरान उपनिरीक्षक राहुल कुमार गुप्ता एवं कांस्टेबल अजय कुमार की सक्रिय भूमिका रही। थाना प्रभारी पूजा पंवार के नेतृत्व में की गई इस मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
No comments:
Post a Comment