Breaking

Your Ads Here

Monday, June 1, 2026

स्वामी विवेकानंद शोध पीठ,स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय में विशेषज्ञों का महत्वपूर्ण शैक्षिक दौरा


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। स्वामी विवेकानंद शोध पीठ, स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय में एक गरिमामयी एवं प्रेरणादायक शैक्षणिक वातावरण के मध्य डॉ. सूरज वालिया, प्रमुख, अर्थशास्त्र विभाग, आर.के.एस.डी. (पीजी) कॉलेज, कैथल, हरियाणा तथा डॉ. रितु कांग वालिया, सहायक प्रोफेसर, अर्थशास्त्र विभाग, आर.के.एस.डी. (पीजी) कॉलेज, कैथल, हरियाणा ने शोध पीठ का शैक्षणिक भ्रमण किया। यह भ्रमण अकादमिक आदान-प्रदान, शोध गतिविधियों के विस्तार तथा विद्यार्थियों में सकारात्मक शैक्षणिक चेतना विकसित करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध हुआ।

शोध पीठ आगमन पर अतिथियों का स्वागत प्रो. (डॉ.) मोनिका मेहरोत्रा, प्रोफेसर एवं संयोजिका, स्वामी विवेकानंद शोध पीठ द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे संपूर्ण वातावरण अत्यंत प्रेरणादायक एवं शैक्षणिक ऊर्जा से परिपूर्ण दिखाई दिया। अपने भ्रमण के दौरान डॉ. सूरज वालिया एवं डॉ. रितु कांग वालिया ने शोध पीठ में संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने शोध पीठ द्वारा विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों में अनुसंधान प्रवृत्ति, विश्लेषणात्मक सोच तथा मूल्यपरक शिक्षा को प्रोत्साहित करने हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में उच्च शिक्षा संस्थानों की भूमिका केवल पाठ्यक्रम आधारित अध्ययन तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के निर्माण में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर बल दिया कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनके आदर्श विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में सहायक हैं। उन्होंने शोध पीठ द्वारा भारतीय संस्कृति, शिक्षा एवं नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को अत्यंत सराहनीय बताया।

भ्रमण के दौरान अतिथियों ने स्वामी विवेकानंद शोध पीठ के पुस्तकालय एवं संग्रहालय का अवलोकन किया। उन्होंने पुस्तकालय में उपलब्ध समृद्ध शैक्षणिक संसाधनों, शोध सामग्री तथा अध्ययन-अनुकूल वातावरण की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार की व्यवस्थाएँ विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। साथ ही उन्होंने संग्रहालय को भारतीय संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत एवं ज्ञान परंपरा के संरक्षण का उत्कृष्ट केंद्र बताते हुए उसकी विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि संग्रहालय विद्यार्थियों को केवल इतिहास से परिचित नहीं कराता, बल्कि उन्हें अपनी सांस्कृतिक जड़ों एवं राष्ट्रीय मूल्यों से भी जोड़ता है। इस अवसर पर डॉ. रितु कांग वालिया ने नई शिक्षा नीति 2020 तथा वर्तमान सामाजिक एवं शैक्षणिक परिदृश्य पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, वैश्विक दृष्टिकोण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं मानवीय संवेदनाओं का विकास करना भी होना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि उन्हें अपने अध्ययन के साथ-साथ निरंतर आत्मविकास एवं ज्ञानार्जन की दिशा में प्रयासरत रहना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में विद्यार्थियों को नवीनतम ज्ञान, शोध एवं सामाजिक परिवर्तनों से स्वयं को अद्यतन रखना अत्यंत आवश्यक है। अपने उद्बोधन में डॉ. सूरज वालिया ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों के मध्य सहयोग एवं विचारों का आदान-प्रदान शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में नई संभावनाओं को जन्म देता है। उन्होंने शोध पीठ द्वारा किए जा रहे कार्यों से प्रभावित होकर भविष्य में हरसंभव शैक्षणिक एवं शोध सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रो. (डॉ.) मोनिका मेहरोत्रा द्वारा औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका शोध पीठ आगमन विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं संकाय सदस्यों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक रहा है।

स्वामी विवेकानंद शोध पीठ परिवार ने भविष्य में भी इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण, अकादमिक सहयोग एवं शोध उन्मुख गतिविधियों के आयोजन हेतु अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। यह भ्रमण न केवल ज्ञान विनिमय का प्रभावी माध्यम बना, बल्कि इसने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के मध्य नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच एवं शैक्षणिक उत्साह का भी संचार किया।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here