नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। महावीर विश्वविद्यालय के कला एवं मानविकी विभाग तथा मेंटल हेल्थ मिशन इंडिया के मध्य विद्यार्थियों के शैक्षिक, प्रशिक्षण एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता को सुदृढ़ करने हेतु एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति (प्रो.) डॉ. सर्वोत्तम दीक्षित ने कहा कि वर्तमान समय में मानसिक स्वास्थ्य का महत्व निरंतर बढ़ रहा है। यह सहयोग विद्यार्थियों को व्यवहारिक ज्ञान, पेशेवर अनुभव तथा मानसिक स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे उनके व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास एवं रोजगारपरक कौशल में भी वृद्धि होगी। एमओयू के अंतर्गत विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, काउंसलिंग सत्र, कार्यशालाएं, सेमिनार, प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं इंटर्नशिप जैसी गतिविधियों का संयुक्त रूप से आयोजन किया जाएगा। यह पहल विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील बनाने तथा सकारात्मक एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।
मेंटल हेल्थ मिशन इंडिया की अध्यक्ष नीतू सैनी ने कहा कि संस्था के विषय विशेषज्ञ विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों की पहचान, समाधान एवं भावनात्मक सशक्तिकरण के लिए मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। कार्यक्रम के दौरान कला एवं मानविकी संकाय की डीन डॉ. सुमन बालियान सहित विभाग के शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को शिक्षा, मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

No comments:
Post a Comment