Breaking

Your Ads Here

Sunday, June 14, 2026

युवा कवि राहुल कुम्भकार का प्रथम कृति प्रकाशन योजना में चयन

नित्य संदेश, ब्यावरा। क्षेत्र के युवा कवि एवं साहित्यकार राहुल कुम्भकार ने साहित्य जगत में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उनकी पाण्डुलिपि का चयन मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग, मध्य प्रदेश संस्कृति परिषद एवं मध्य प्रदेश साहित्य अकादमी द्वारा संचालित प्रतिष्ठित प्रथम कृति प्रकाशन योजना के अंतर्गत प्रकाशन हेतु किया गया है। प्रदेशभर से प्राप्त अनेक पाण्डुलिपियों में से चयनित श्रेष्ठ 40 पाण्डुलिपियों में राहुल कुम्भकार की पाण्डुलिपि को भी स्थान मिला है।

गौरतलब है कि प्रथम कृति प्रकाशन योजना का उद्देश्य नवोदित एवं प्रतिभाशाली साहित्यकारों को मंच प्रदान करना तथा उनकी रचनाओं को पुस्तक रूप में प्रकाशित कर व्यापक पाठक वर्ग तक पहुँचाना है। 

इस अवसर पर राहुल कुम्भकार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि उन सभी लोगों के स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद का प्रतिफल है जिन्होंने उनकी साहित्यिक यात्रा में निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन दिया। उन्होंने विशेष रूप से अपने माता-पिता, गुरुओं, साहित्यकार मित्रों एवं शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने मध्य प्रदेश साहित्य अकादमी तथा आदरणीय विकास दवे के प्रति भी धन्यवाद ज्ञापित किया।

राहुल कुम्भकार ने बताया कि चयनित पाण्डुलिपि का प्रकाशन साहित्य अकादमी द्वारा किया जाएगा तथा प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद उनकी प्रथम पुस्तक शीघ्र ही सुधि पाठकों के हाथों में होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पाठकों का स्नेह और मार्गदर्शन उन्हें भविष्य में और बेहतर साहित्य सृजन के लिए प्रेरित करेगा।

राहुल कुम्भकार की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के साहित्यकारों, इष्टमित्रों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है तथा उनके उज्ज्वल साहित्यिक भविष्य की कामना की है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here