वसीम अहमद
नित्य संदेश, किठौर। थाना पुलिस व स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक व्यवसायी से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है। आरोपियों ने व्यवसायी के घर जिंदा कारतूस और धमकी भरी चिट्ठी भेजकर रंगदारी की मांग की थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपियों तक पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार किठौर थाना क्षेत्र के कस्बा शाहजहांपुर निवासी अमजद अली को कुछ दिन पूर्व एक लिफाफा प्राप्त हुआ था। लिफाफे के भीतर एक जिंदा कारतूस और धमकी भरी चिट्ठी रखी हुई थी, जिसमें उनसे 50 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की गई थी। चिट्ठी में रकम न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई थी। घटना के बाद व्यापारी और उनके परिवार में दहशत का माहौल बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए आलाधिकारियों के निर्देश पर स्वाट टीम एवं थाना किठौर पुलिस की संयुक्त टीम लगाई गई थी। पुलिस ने घटना स्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए सर्विलांस की सहायता से संदिग्धों की पहचान की। जांच के दौरान मिले महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर पुलिस ने बुधवार को नालपुर बॉर्डर के पास से तीन आरोपियों महफूज उर्फ फूजी तथा आरिफ निवासीगण हुमायूं नगर थाना लोहिया नगर तथा शाहनवाज राणा निवासी जाकिर कॉलोनी मेरठ को गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, धमकी भरी चिट्ठी तथा 32 बोर का एक जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। हालांकि पुलिस पूछताछ में आरोपियों द्वारा कई चौंकाने वाले तथ्य भी सामने आए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी केवल रंगदारी वसूली की साजिशों में ही शामिल नहीं थे, बल्कि आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के नाम पर अस्पतालों में फर्जी बिल तैयार कराकर कमीशनखोरी का अवैध कारोबार भी संचालित कर रहे थे। प्रारंभिक जांच में इस नेटवर्क के माध्यम से आर्थिक लाभ पाने की जानकारी मिली है। हालांकि पुलिस अब इस पूरे गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और इनके संभावित आपराधिक नेटवर्क की भी जांच करने की बात कर रही है। बुधवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी क्राइम अवनीश कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया है।
उन्होंने कहा कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है तथा यह भी पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने इससे पहले भी इस प्रकार की अन्य घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं। पुलिस अब पूरे मामले में आगे की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

No comments:
Post a Comment