नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ और स्याना के बीच हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों को उम्र भर का गम दे दिया है। भाजपा युवा मोर्चा जागृति विहार मंडल के अध्यक्ष विशांत त्यागी अपने दोस्तों लवी, मिथुन और ललित चौहान के साथ स्याना में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात जब वे कार से वापस लौट रहे थे, तभी हापुड़ के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी गाड़ी को भीषण टक्कर मार दी।
हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और विशांत त्यागी, लवी व मिथुन की मौके पर ही मौत हो गई।इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल ललित चौहान को मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ वे जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, ललित और लवी मूल रूप से स्याना के ही रहने वाले थे और विशांत के साथ मिलकर मेरठ में एक अस्पताल का संचालन करते थे। इस हृदयविदारक घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर सिसकते परिजनों के विलाप ने हर किसी की आंखें नम कर दीं। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच कर रही है।

No comments:
Post a Comment