बालचंद्र कुमावत
नित्य संदेश, उज्जैन/मक्सी रोड। मक्सी रोड पर जैन पथ होटल के समीप एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहां इंदौर से ग्वालियर जा रही यात्रियों से भरी एक चलती इंटरसिटी स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी बस आग के गोले में तब्दील हो गई। हादसे के वक्त बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे, जिनमें आग की लपटें देखकर चीख-पुकार और हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाई और बस के कांच व खिड़कियां तोड़कर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया।
हालांकि, इस दर्दनाक हादसे में यात्री अभिषेक जैन के 4 वर्षीय मासूम बेटे की बस के अंदर ही जिंदा जलने से दुखद मौत हो गई। पिता और स्थानीय लोगों के तमाम प्रयासों के बावजूद बच्चे को समय पर बाहर नहीं निकाला जा सका। अन्य कुछ यात्रियों को मामूली चोटें और झुलसने की शिकायत आई है, जिन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया।इस हादसे में बस प्रबंधन की एक बड़ी और गंभीर लापरवाही भी उजागर हुई है।
यात्रियों के अनुसार, बस का आपातकालीन द्वार (इमरजेंसी गेट) चालू स्थिति में नहीं था और न ही बस के भीतर आग बुझाने के लिए कोई अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) मौजूद था। हद तो तब हो गई जब यात्रियों की मदद करने के बजाय बस का ड्राइवर और क्लीनर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।
आग इतनी भीषण थी कि बस में सवार अधिकांश यात्रियों का कीमती सामान, नकदी और जरूरी दस्तावेज जलकर पूरी तरह खाक हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मक्सी, तराना और शाजापुर से फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
इस भयंकर मातम और चीख-पुकार के बीच इंसानियत की एक ऐसी मिसाल भी देखने को मिली जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। अपने कलेजे के टुकड़े को खोने के गहरे गम में डूबे पिता अभिषेक जैन को दुर्घटनाग्रस्त बस से किसी अन्य सह-यात्री के लाखों रुपये के जेवर मिले। इस भारी दुख की घड़ी में भी उन्होंने अपनी ईमानदारी नहीं छोड़ी और उन जेवरों को सुरक्षित ले जाकर तराना थाना प्रभारी (टीआई) को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बस मालिक की लापरवाहियों सहित पूरी घटना की बारीकी से जांच कर रही है।

No comments:
Post a Comment